कोरोना वायरस (Corona Virus) के संक्रमण को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने 24 मार्च को देशभर में 21 दिनों के लॉकडाउन का एलान किया। यह लॉकडाउन 14 अप्रैल तक जारी रहेगा। पीएम मोदी ने कहा है कि इसे एक तरह का कर्फ्यू ही समझें। हालांकि इतने लंबे लॉकडाउन से आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। राशन, सब्जी, दूध, पेट्रोल पंप, बैंक मेडिकल स्टोर जैसी तमाम जरूरी सेवाएं आपको मिलती रहेंगी। लॉकडाउन की घोषणा के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर आने वाले 21 दिन हम घर में नहीं रहेंगे तो हमारा देश 21 साल पीछे चला जाएगा। उन्होंने कहा कुछ लोग गलतफहमी में हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग केवल मरीज के लिए है। सोशल डिस्टेंसिंग हर नागरिक, हर परिवार के लिए है।
क्या होता है लॉकडाउन?
लॉकडाउन का अर्थ है लोगों को घरों से निकलने पर पाबंदी। लॉकडाउन किसी आपदा के वक्त सरकारी तौर पर लागू की जाती है। जिस इलाके को लॉकडाउन किया जाता है उस इलाके के लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होती है। व्यक्ति केवल जरूरत के समानों के लिए ही बाहर जा सकता है यानी आप अनावश्यक कार्य के लिए सड़कों पर नहीं निकल सकते। अगर आपको लॉकडाउन की वजह से किसी तरह की परेशानी हो रही हो तो आप संबंधित पुलिस थाने, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक अथवा अन्य उच्च अधिकारी को फोन कर सकते हैं। इसे लेकर सभी राज्यों ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। मौजूदा वक्त में हेल्थ इमरजेंसी के तहत देश के तमाम हिस्सों में लॉकडाउन लगाया गया है।