वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में दुनियाभर से आईं शख्सियतों ने भारत और पीएम नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की। भारत को जहां निवेश के लिए बेहतरीन देश और दुनिया की आवाज बताया, वहीं पीएम मोदी पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे उनकी गारंटी से पूरी तरह प्रभावित हैं।
भारत में सिंगापुर के राजदूत सिमॉन वॉन्ग ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सीएम के तौर पर जिस सम्मेलन को शुरू किया था आज उसे 20 वर्ष हो गए हैं। सिंगापुर उन शुरुआती देशों में से है, जिन्होंने वाइब्रेंट गुजरात के जरिये भारत में निवेश की संभावनाओं को पहचाना और इस्तेमाल किया। हम प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी से पूरी तरह प्रभावित हैं। यही वजह है कि गुजरात आज इतना वाइब्रेंट है। उन्होंने कहा, भारत वैश्विक दक्षिण ही नहीं, पूरी दुनिया की अहम आवाज है।
भारत में निवेश की असीम संभावनाएं: नॉर्वे
भारत में नॉर्वे की राजूदत एलिन स्टेनर ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नॉर्वे वाइब्रेंट गुजरात का साझेदार देश है। नॉर्वे-भारत के बीच एफटीए को लेकर बातचीत जारी है। यह उनके लिए गर्व की बात है कि नॉर्वे की 130 कंपनियां भारत में काम कर रही हैं। नॉर्वे की ज्यादातर कंपनियां भारत में ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके अलावा कुछ कंपनियां समुद्री सहयोग के क्षेत्र में काम कर रही हैं। भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यहां निवेश और की असीम संभावनाएं हैं।
पहली मेक इन इंडिया चिप का उत्पादन इसी साल
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गुजरात में इस साल देश की पहली मेक इन इंडिया चिप का उत्पादन होगा। 104 विश्वविद्यालय और संस्थान सेमीकंडक्टर पर डॉक्टरेट अध्ययन सहित पाठ्यक्रम पेश कर रहे हैं। विश्वस्तर पर सेमीकंडक्टर में विशेषज्ञता वाले 10 लाख पेशेवरों की मांग है और भारत इसका लाभ उठाने के लिए उत्सुक है। अमेरिकी चिप विनिर्माता माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी (सीईओ) संजय मेहरोत्रा ने कहा कि 100 से अधिक भारतीय संस्थान सेमीकंडक्टर डिजाइन पाठ्यक्रम पेश करते हैं, लेकिन इनमें से शायद ही कोई विनिर्माण ध्यान देता है। सेमीकंडक्टर पाठ्यक्रम में विनिर्माण पर ध्यान देने की जरूरत है।
इलेक्ट्रिक वाहनों का भारत से निर्यात करेगी मारुति सुजुकी
मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने बताया कि कंपनी अपने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) का निर्माण भारत में करेगी और यहीं से वैश्विक निर्यात किया जाएगा। एमएसआई के कार्यकारी निदेशक राहुल भारती ने कहा कि इसी साल भारत में निर्मित ईवी का यूरोप और जापान जैसे देशों को निर्यात शुरू किया जाएगा। बैटरी सेल और मॉड्यूल के निर्यात पर भारती ने कहा कि इन्हें फिलहाल यूरोप निर्यात किया जा रहा है। चालू वित्त वर्ष में लिथियम-आयन उन्नत रसायन सेल, बैटरी पैक और मॉड्यूल के निर्यात का 750 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लेगा।
महिलाओं की भागीदारी 75 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य
2047 विजन डॉक्यूमेंट जारी किया गया। इसमें गुजरात के औद्योगिक आर्थिक और सामाजिक विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के विकसित भारत : 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप एक व्यापक रोडमैप पेश करने वाला गुजरात ऐतिहासिक प्रगति कर रहा है। विकसित गुजरात : 2047 के लक्ष्यों के मुताबिक 2047 तक गुजरात की अर्थव्यवस्था 3.5 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। राज्य सरकार रोजगार में महिलाओं की भागीदारी को 75 फीसदी तक बढ़ाने पर जोर देगी।
कनाडा बढ़ा रहा निवेश
कैमरन मैके, भारत में कनाडा के उच्चायुक्त ने बताया कि हाल में भारत-कनाडा के बीच पैदा हुए तनाव का असर संबंधों पर नहीं पड़ेगा। दोनों देशों के हित आपस में जुड़े हैं। कनाडा की तरफ से द्विपक्षीय व्यापार व निवेश संबंधों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। भारत की 100 कंपनियों ने कनाडा में और कनाडा की 600 कंपनियों ने भारत में निवेश किया है।
यूक्रेन पहली बार शामिल
वोलोदिमीर कुज्यो, यूक्रेन के आर्थिक मामलों के उपमंत्री ने कहा कि हमें उम्मीद है कि भारत और यूक्रेन के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ेगा। यूक्रेन पहली बार इस सम्मेलन में शामिल हुआ है।
पीएम मोदी का इंतजार
अब्दुलनासिर अलशाली, भारत में यूएई के राजदूत ने कहा कि हम 14 फरवरी को अबू धाबी में बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) के हिंदू मंदिर के उद्घाटन का इंतजार कर रहे हैं। पीएम मोदी इसका उद्घाटन करने आने वाले हैं।