प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उनकी मां हीराबेन के 100वें जन्मदिन पर उनसे मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी ने इस अवसर पर एक ब्लॉग भी लिखा जिसमें उन्होंने अपनी मां की उदारता और देखभाल करने वाले स्वभाव के बारे में लिखा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां हमेशा स्नेही और देखभाल करने वाली थीं, यहां तक कि उनके दोस्तों के प्रति भी वह वही स्वभाव रखती थीं। इसी ब्लॉग में उन्होंने अपने पिता के मित्र के पुत्र अब्बास का भी उल्लेख किया, जो उनके साथ रहता था। पीएम मोदी ने कहा कि मां हीराबेन ने अब्बास को बेटे की तरह ही पाला था। पीएम मोदी ने कहा कि अब्बास अपने पिता के साथ पास के गांव में रहता था। लेकिन उसके पिता की असमय मौत हो गई। जिसके बाद मेरे पिता अब्बास को घर ले आए। पीएम मोदी ने कहा कि अब्बास अपनी पढ़ाई पूरी करने तक पीएम मोदी के परिवार के साथ रहे। वहीं अब्बास की चर्चा करने के बाद पीएम मोदी का ब्लॉग और अधिक सुर्खियों में आ गया। इसके बाद मीडिया में पीएम मोदी के बचपन के दोस्त अब्बास की खोज होने लगी। आखिर, अब्बास कौन हैं, कहां हैं? हालांकि, कुछ ही घंटों बाद ्अब्बास की सारी जानकारी निकलकर सामने आ गई। आइए जानते हैं आखिर अब्बास कौन हैं? अभी कहां हैं और क्या कर रहे हैं?