महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक पति ने तलाक देने से इनकार किया, तो पत्नि ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस को एक राजमार्ग पर एक जला हुआ शव मिला। जांच के बाद इस मामले में पुलिस ने एक महिला और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तिपन्ना और हसीना कुछ घरेलू विवादों के कारण अलग-अलग रहते थे। महिला अपने पति से तलाक की मांग की थी, जिसे मृतक ने अस्वीकार कर दिया था। इसी को लेकर दोनों में विवाद था।
भाई के साथ मिल पति को मार दिया
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने हसीना महबूब शेख, उसके भाई फैयाज जाकिर हुसैन शेख (35) और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक ने तलाक देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसकी पत्नी ने हत्या की साजिश रची। इस साजिश में आरोपी महिला का भाई भी शामिल था। आरोपी पत्नी हसीना के कहने पर उसके भाई न फैयाज जाकिर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 17 नवंबर कर्नाटक के बेल्लारी जिले के रहने वाले तिपन्ना की हत्या कर दी। जाकिर और उसके साथी 17 नवंबर को को घुमाने ले गए। आरोपियों ने शाहपुर के पास एक जंगली इलाके उसकी हत्या कर दी और शव को जलाने का प्रयास किया, उसके बाद उसे राजमार्ग के पास फेंक दिया। पुलिस को 25 नवंबर को तिपन्ना का जला और सड़ा हुआ शव मुंबई-नासिक राजमार्ग पर शाहपुर के पास मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
भाई बोला बहन के कहने पर की हत्या
शाहपुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मुकेश धागे ने कहा, "मुख्य कारण पीड़ित के तलाक देने से इनकार करना लगता है, जिसके कारण उसने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों की मदद से उसकी हत्या की योजना बनाई।" पुलिस ने धारा 103(1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य नष्ट करना) के तहत मामला दर्ज किया था और जांच के बाद आरोपियों पर ध्यान केंद्रित किया था। पूछताछ के दौरान फैयाज ने कबूल किया कि हत्या उसकी बहन हसीना के निर्देश पर की गई थी।