इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छिपा रहा अब्दुल्लाह
हवाई अड्डे की सुरक्षा में सेंध का एक सनसनीखेज मामला दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से आया है। दरअसल ये मामला गणतंत्र दिवस के करीब का है। गुरुग्राम निवासी मो.अब्दुल्लाह ने यूनाइटेड अरब एमिरात जाने के लिए एतिहाद एयरवेज के नकली टिकट पर हवाई अड्डे में प्रवेश कर लिया और 10 दिन बिना किसी की नजर में आए हवाई अड्डे पर ही बिता दिए।
करीब 10 दिनों के बाद एक सफाई कर्मचारी की नजर उसपर पड़ी और उसके आगाह करने पर सीआईएसएफ ने अब्दुल्लाह को 20 जनवरी को हिरासत में लिया और उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। अब्दुल्लाह का कहना है कि वह 11 जनवरी को आईजीआई पहुंचा था और उसने सीआईएसएफ को उसके पास नकली टिकट होने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बावजूद सीआईएसएफ ने उसे जाने दिया। इसके एक घंटे बाद उसने फिर से उसी टिकट का प्रिंटआउट निकाला और फिर से दूसरे गेट का इस्तेमाल करते हुए आईजीआई में प्रवेश कर लिया। इसके बाद सबकी निगाहों से बचता हुआ 10 दिनों तक वह हवाई अड्डे पर रहा।
गिरफ्तारी के बाद इंटेलिजेंस एजेंसियों और दिल्ली पुलिस ने उससे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार हैदराबाद के रहने वाले अब्दुल्लाह को दुबई से पैसो का इंतजार था,ताकि वह दुबई जा सके। गौरतलब है कि आईजीआई की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के लिए थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद लोगों का अनाधिकृत तरीके से प्रवेश करने में सफल होना एक चिंता का विषय बन गया है। जहां इस साल अबतक करीब दो दर्जन ऐसे लोगों को गिरफ्तार कि गया है, वहीं पिछले एक साल में करीब 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
साथ ही बीस लोगों को नकली टिकट के साथ इस वर्ष गिरफ्तार किया जा चुका है। वरिष्ठ सीआईएसएफ अधिकारी ने बताया है कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की जरूरत है क्योंकि आईजीआई से देसी-विदेशी नागरिक आते-जाते हैं और वहां सुरक्षा में सेंध लगना खतरे से खाली नहीं है।