Maharashtra: महिला को अपने मोबाइल फोन पर एक संपर्क से एक संदेश मिला, जिसमें वह उनसे छह अंकों का एक कोड व्हाट्सएप के जरिए भेजने को कहती है, जिसे महिला ने गलती से भेज दिया। इसके बाद महिला को और कोड मिले और बाद में वह अपने व्हाट्सएप अकाउंट से लॉग आउट हो गईं।
मुंबई में अज्ञात लोगों ने एक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रैंक के आईपीएस अधिकारी की पत्नी का व्हाट्सएप अकाउंट हैक किया और उनके संपर्क सूची में मौजूद लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों ने महिला का नाम, फोटो और फोन नंबर का उपयोग करके एक नया व्हाट्सएप अकाउंट बनाया और फिर इस अकाउंट से पैसे मांगने की कोशिश की।
अधिकारी ने बताया कि महिला को अपने मोबाइल फोन पर एक संपर्क से एक संदेश मिला, जिसमें वह उनसे छह अंकों का एक कोड व्हाट्सएप के जरिए भेजने को कहती है, जिसे महिला ने गलती से भेज दिया। इसके बाद महिला को और कोड मिले और बाद में वह अपने व्हाट्सएप अकाउंट से लॉग आउट हो गईं। वह बार-बार लॉग इन करने की कोशिश करती हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली।
विज्ञापन
महिला के आईपीएस अधिकारी पति को भी उसके हैक हुए अकाउंट से एक संदेश मिला और फिर उनके दूसरे मोबाइल नंबर पर भी एक संदेश आया, जिसमें पैसे की मांग की गई थी। इसके बाद महिला की संपर्क सूची में शामिल कुछ लोगों ने भी महिला से इस संदेश के बारे में पूछा और यह भी जानने की कोशिश की कि क्या वह किसी समस्या का सामना कर रही हैं।
महिला को अहसास हुआ कि उसका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है। फिर उसने बायकुला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस न धोखाधड़ी, पहचान चोरी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत अज्ञात लोगो के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने कहा, पुलिस आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।