What Is Gerrymandering
- फोटो : Amar Ujala
भारत में क्या है परिसीमन का इतिहास?
आजादी के बाद भारत में यह तय किया गया कि आबादी में बदलाव के हिसाब से समय-समय पर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदली जाएंगी। इसके लिए पहला परिसीमन आयोग 1952 में बना। इसके बाद 1963 और 1973 में भी आयोग गठित किए गए। इन आयोगों द्वारा 1951, 1961 और 1971 की जनगणना के आधर पर परिसीमन किया गया। इस प्रक्रिया में दो अहम फैसले लिए जाते थे। पहला संसद और विधानसभा में हर राज्य को कितनी सीटें मिलेंगी। दूसरा उन राज्यों के अंदर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं कहां होंगी।
हालांकि, सभी राज्यों में आबादी एक जैसी तेजी से नहीं बढ़ रही थी। कुछ राज्य परिवार नियोजन के जरिए जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने में सफल रहे। वहीं कुछ राज्यों में आबादी तेजी से बढ़ी। ऐसे में चिंता थी कि नए परिसीमन से तेजी से बढ़ती आबादी वाले राज्यों को ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। इसी वजह से 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए लोकसभा में राज्यों की सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर कर दिया गया। 2001 में 84वें संविधान संशोधन से इस रोक कर 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक बढ़ा दिया गया।
हालांकि, 2003 में 87वें संशोधन के बाद 2001 की जनगणना के आधार पर राज्यों के अंदर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की अनुमति दी गई। इसके लिए 2002 में चौथा परिसीमन आयोग बना, जिसके फैसले 2008 में लागू हुए। इससे सीटों की सीमाएं बदलीं लेकिन राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का बंटवारा पहले जैसा ही रहा।
वहीं अब महिलाओं को संसद और विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण देने के मुद्दे ने परिसीमन को लेकर केंद्र और विपक्ष के बीच नई बहस छेड़ दी है। 2023 में 106वें संविधान संशोधन के तहत इस आरक्षण को लागू करने के लिए जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन को जरूरी बनाया गया था।
अप्रैल 2026 में सरकार ने संसद में तीन विधेयक पेश किए। इनमें लोकसभा की सीटें बढ़ाने और 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने का प्रस्ताव था। हालांकि, 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। इसके बाद परिसीमन विधेयक पर भी वोटिंग नहीं हुई।
विपक्ष ने सवाल उठाया कि महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना क्यों जरूरी है? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं अपने राजनीतिक फायदे के लिए बदलना चाहती है। सरकार ने इस आरोप को खारिज किया है। 27 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट ने प्रत्येक राज्य की लोकसभा सीटें 50 फीसदी बढ़ाकर अधिकतम 850 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसमें राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के अनुसार तय करने की बात है। इस प्रस्ताव पर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में चर्चा होनी है।