पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के बीच कुछ जगहों पर हिंसक झड़प होने की बात भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार पूर्वी मिदनापुर में फायरिंग की गई, जिसमें दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घटना को लेकर भाजपा और टीएमसी एक-दूसरे के कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगा रहे हैं।
ऐसे में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी शुक्रवार को बयान दिया था। दरअसल, उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह उत्तर प्रदेश से गुंडे ला रही है। यह गुंडे मिदनापुर में घुसपैठ कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘मैं 28 मार्च से नंदीग्राम की सुरक्षा करूंगी। अगर गुंडे आपको निशाना बनाते हैं तो आपके हाथ जो भी लगे, वही लेकर उन्हें दौड़ा लें।’
चुनाव के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर ईवीएम में खराबी आई है। बूथ संख्या 149 पर मतदाताओं को मतदान से प्रभावित करने की बात कहते हुए उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले पर पर गौर करने की अपील की।
गौरतलब है कि कभी ममता बनर्जी के करीबी रहे नंदीग्राम सीट से भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी इस बार उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। माना जाता है कि नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु अधिकारी का दबदबा कायम है जबकि ममता बनर्जी को बंगाल की सियासत में बड़ी पहचान नंदीग्राम में जमीन आंदोलन से मिली थी।
ऐसे में यह मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। पहले चरण में 73 लाख से ज्यादा मतदाता 191 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह नौ बजे तक 7.72 फीसदी मतदान डाले गए।