पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में तृणमूल कांग्रेस नेता को गोली मारने की घटना सामने आई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात को मालबजार इलाके के सोनगाछी चाय बागान के पास उस समय हुई, जब तृणमूल नेता मनोरंजन डे सिलिगुड़ी से अलीपुरद्वार लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि डे अलीपुरद्वार जिला परिषद के पदाधिकारी हैं और उन्हें उस समय कुछ लोगों ने गोली मारी, जब वह चाय बागान के पास अपनी गाड़ी से उतर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि उन्हें सिलिगुड़ी के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है और एक पैर में गोली लगी है।
राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने दिन में नर्सिंग होम जाकर डे के स्वास्थ्य की जानकारी ली। संवाददाताओं से बातचीत करते हुए देव ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भाजपा का हाथ है जबकि विपक्षी पार्टी ने इस आरोप को बेतुका बता खारिज कर दिया है।
देव ने कहा कि मनोरंजन डे महत्वपूर्ण नेता हैं और अपराधियों ने उनपर तीन गोलियां उस समय चलाई जब वह मालबाजार के नजदीक अपने वाहन से उतर रहे थे। सिलिगुड़ी में कुछ निजी काम कर अलीपुरद्वारा लौटने के दौरान उन्हें रास्ते में भी रोका गया। पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है।