पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर इलाके में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में रविवार सुबह हुए विस्फोट में आठ लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, ग्रामीणों ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। विस्फोट इतना जोरदार था कि इलाके में कई घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
पूरे राज्य में चल रहीं अवैध फैक्ट्रियां
पश्चिम बंगाल विधानसभा के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सिर्फ इस फैक्ट्री में ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में ऐसी अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि इन अवैध कारखानों को बंद कर दिया जाएगा, लेकिन वह चोरों को बचाने में व्यस्त हैं। अधिकारी ने कहा कि सीएम का काम राज्य में इमामों के साथ बैठकें करना और सांप्रदायिक कार्ड खेलना है।
सुकांत मजूमदार ने सरकार पर हमला बोला
इस घटना पर दुख जताते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस पद पर रहेगी बंगाल में ऐसा ही चलता रहेगा। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। क्या मुख्यमंत्री पूरे राज्य को श्मशान बनाकर मांनेगी। पूरे बंगाल को बारूद के ढेर पर पहुंचा चुकी हैं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। इन लोगों की मौत की जिम्मेदार हैं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार।
... अवैध कारोबार चलता रहता है
वहीं, फैक्ट्री में हुए धमाके पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि जिस मात्रा में विस्फोटक मिले हैं उससे साफ है कि बंगाल सरकार ने विस्फोटकों को जहां चाहे इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी है। यह बंगाल सरकार की विफलता को दर्शाता है। चौधरी ने आगे कहा कि जब विस्फोट होता है, तो हमें पता चलता है कि कोई मर गया है। उसके बाद हर कोई शांत हो जाता है और अवैध कारोबार चलता रहता है। उन्होंने कहा कि सरकार चुप रहना पसंद करती है और आम आदमी इसकी कीमत चुकाता है।