पश्चिम बंगाल के विधायक हुमायूं कबीर ने सोमवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया। यह कदम उन्होंने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से निलंबन के कुछ दिन बाद उठाया। उन्हें मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद जैसी मस्जिद की आधारशिला रखने को लेकर पार्टी से निलंबित किया गया था।
बेलडांगा में आयोजित जनसभा में कबीर ने एलान किया कि उनकी पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में आठ उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि वे खुद मुर्शिदाबाद की रेजीनगर और बेलडांगा सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर अंतिम फैसला बाद में होगा। हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अब आम लोगों से दूर हो चुकी हैं और उनका लक्ष्य 2026 के चुनाव में उन्हें सत्ता से हटाना है।
पार्टी लॉन्च से पहले हुमायूं कबीर ने कहा कि टीएमसी से निलंबन के बावजूद उनका राजनीतिक सफर खत्म नहीं हुआ है। उनका दावा है कि वे आम लोगों के लिए काम करेंगे और हर चुनौती का सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी पार्टी का झंडा कोलकाता से लेकर उत्तर बंगाल के कई जिलों में नजर आएगा।
100 से ज्यादा सीटों पर पार्टी लड़ेगी चुनाव
कबीर ने बताया कि मुर्शिदाबाद उनका जन्मस्थान है और इस जिले से उनका खास रिश्ता है, इसलिए यहां पार्टी की मजबूत मौजूदगी तय है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के पदाधिकारियों की भी घोषणा की जाएगी। पश्चिम मेदिनीपुर के अल हाज हाजी को संगठन में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। हुमायूं कबीर ने यह भी कहा कि वे जल्द ही बरहामपुर से रोड शो निकालेंगे। उनका दावा है कि उनकी पार्टी अगले विधानसभा चुनाव में 100 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और नतीजों के बाद सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
ये भी पढ़ें:- Karnataka: सिद्धारमैया के 'वफादार' राजन्ना से डीके शिवकुमार की मुलाकात, क्या है इसके पीछे की सियासी रणनीति?
उन्होंने टीएमसी और भाजपा दोनों के विरोधी दलों से साथ आने की अपील की है। कबीर का कहना है कि उनका लक्ष्य अल्पसंख्यक वोटों को एकजुट करना और कम से कम 90 सीटें जीतना है। उन्होंने यह भी संकेत दिए हैं कि उनकी पार्टी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ नंदीग्राम से उम्मीदवार उतार सकती है।
विधायक हुमायूं कबीर की विधानसभा सदस्यता खत्म: स्पीकर
पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर बिमान बनर्जी ने निलंबित तृणमूल कांग्रेस विधायक हुमायूं कबीर को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हुमायूं कबीर को निलंबित किया जा चुका है और उनकी विधानसभा सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है।
भाजपा ने कबीर पर कसा तंज
वहीं, भाजपा ने कबीर पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी नई पार्टी चुनाव में कोई असर नहीं डाल पाएगी। भाजपा का दावा है कि कबीर परोक्ष रूप से TMC की मदद कर रहे हैं और जनता उन्हें नकार देगी। TMC की ओर से फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कबीर और टीएमसी के बीच मतभेद जारी
बता दें कि टीएमसी के निलंबित विधायक कबीर और टीएमसी के बीच खाई तब और बढ़ गई जब कबीर ने छह दिसंबर को मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद के मॉडल पर नई मस्जिद का नींव डाली किया। यह तारीख यूपी के अयोध्या में बाबरी मस्जिद के विध्वंस की बरसी थी। ऐसे में टीएमसी ने पिछले सप्ताह उन्हें पार्टी नियमों की अवहेलना और उनके विवादित बयानों के कारण निलंबित कर दिया, जिसके बाद पहले कबीर ने संकेत दिया था कि वे विधायक पद से इस्तीफा देंगे, लेकिन फिर उन्होंने अचानक रुख बदलते हुए कहा कि वे विधानसभा में बने रहेंगे।