जानकारी के मुताबिक, टीएमसी की सूची में 291 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें 100 नए चेहरों को मौका दिया गया है। वहीं, 50 महिलाओं और 42 मुस्लिमों को भी मैदान में उतारा जा रहा है। ममता बनर्जी ने कहा कि हमने उन उम्मीदवारों को टिकट दिया, जिन्हें जनता पसंद करती है। हालांकि, कुछ लोगों को टिकट नहीं मिला है। कोशिश करूंगी कि उन्हें विधान परिषद चुनाव में मौका दिया जाए।
ममता बनर्जी ने बताया कि इस बार वर्तमान 28 विधायकों को टिकट नहीं दिया गया है। इनमें वित्त मंत्री अमित मित्रा भी शामिल हैं। दीदी का कहना है कि 80 से ज्यादा उम्र वाले नेताओं को टिकट नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि पार्टी ने हर जाति व समुदाय के चेहरों को चुनाव में मौका दिया है। उन्होेंने सभी उम्मीदवारों से जनसंपर्क बढ़ाने के लिए कहा। साथ ही, 2019 लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को सुधारने पर जोर भी दिया।
बता दें कि हाल में टीएमसी में शामिल होने वाले पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी हावड़ा के शिवपुर से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि ममता बनर्जी पिछले 10 साल से बंगाल पर राज कर रही हैं, लेकिन यह पहला मौका है जब उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
ममता बनर्जी ने बताया कि वह 10 मार्च को हल्दिया में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इसके बाद 11 मार्च को नंदीग्राम जाएंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के मुद्दे भी उठाए। ममता बनर्जी ने टीएमसी का समर्थन करने के लिए तेजस्वी यादव, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन और शिवसेना को धन्यवाद दिया।