एक तेंदुआ चाय बागान की मजदूर कालोनी स्थित एक घर में घुसा और मां की गोद से तीन साल की एक बच्ची को छीन ले गया। यह घटना अलीपुरदुआर जिले के मदारीहाट इलाके में स्थिति गरगंडा चाय बागान में मंगलवार रात को हुई। बुधवार सुबह बच्ची के शव के कुछ हिस्से चाय बागान में बिखरे मिले। इसकी जानकारी वन विभाग के सूत्रों ने यहां दी।
सूत्रों ने बताया कि तेंदुआ मंगलवार रात को मजदूर कालोनी में आया और दरवाजा खुला देख कर वह एक घर में घुस गया। इस दौरान तेंदुआ मां की गोद में सो रही तीन साल की बच्ची प्रणिता को खींच ले गया। प्रणिता की मां पूजा ओरांव ने तेंदुए को रोकने की भरसक कोशिश की। लेकिन उसे बच्ची को बचाने में कामयाबी नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने भी बच्ची को ढूंढा, लेकिन नहीं मिली। बुधवार को बागान में बच्ची के शव के कुछ टुकडे़ बरामद किए गए।