पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पिता और पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी से सांसद शिशिर अधिकारी की कार पर खेजूरी में हमला हुआ है। हमले में सांसद की गाड़ी का शीशा टूट गया। उनको सिर पर चोट लगी है। शिशिर सांसद बेटे दिव्येंदु अधिकारी ने कहा कि उनके पिता के सिर में चोट लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को पूर्व मेदिनीपुर के खेजुरी में शिशिर की कार देखकर कुछ लोगों ने अचानक नारेबाजी शुरू कर दी। कथित तौर पर भीड़ में से कुछ लोगों ने सांसद की गाड़ी पर ईंट फेंकी। दिब्येंदु ने बताया कि इससे कार का शीशा टूट गया। इस दौरान ब्रेक लगाने से उनके पिता को सिर पर चोटें आईं। दिब्येंदु ने पूरी घटना को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया।
दिब्येंदु ने कहा कि शिशिर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। भाजपा का कहना है कि शिशिर अधिकारी इस समय राजनीति में तटस्थ हैं। उनकी कार पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण है। उधर, तृणमूल ने इस आरोप से इन्कार किया है। शिकायत मिलने के बाद खेजूरी थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि पंचायत समिति में स्थाई समिति के गठन को लेकर मंगलवार सुबह से ही घमासान मचा हुआ था। खेजुरी-2 ब्लॉक के निचकसबा इलाके में तृणमूल-भाजपा की झड़पों की भी खबर है। जनका में बीडीओ कार्यालय पर बम फेंकने का भी आरोप लगा है। स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। ऐसे में कांथी सांसद शिशि अधिकारी बीडीओ कार्यालय में उपस्थित हुए। वह दोपहर करीब 12 बजे वोट डालने पहुंचे। उस वक्त तनाव चरम पर था। कई लोग घायल हो हुए थे। शाम 4 बजे सुरक्षा घेरे में वे बाहर निकले थे, लेकिन तेंतुलतला बस स्टैंड के पास सांसद की कार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।