पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात हमलावरों द्वारा बम से किए गए हमले में मंत्री जाकिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि मंत्री के साथ मौजूद कम से कम दो अन्य लोग भी इस हमले में घायल हुए हैं। पश्चिम बंगाल सीआईडी, एसटीएफ, सीआईएफ ने इस मामले की जांच को अपने हाथ में ले लिया है। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि हमला रेलवे परिसर में हुआ, इसलिए केंद्रीय उपक्रम की जवाबदेही बनती है। उन्होंने कहा कि जाकिर हुसैन की हालत गंभीर है और उनका इलाज कोलकाता में चल रहा है। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने गंभीर रूप से घायलों के लिए 5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये मुआवजे देने की घोषणा की है।
एनआईए करे घटना की जांचः कांग्रेस नेता अधीर रंजन कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। यहां कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। एनआईए को घटना की जांच करनी चाहिए।
जानिए कैसे हुई घटना
पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि श्रम राज्य मंत्री हुसैन स्टेशन के दो नंबर प्लेटफॉर्म पर रात करीब 10 बजे कोलकाता जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुरा से विधायक और दो अन्य लोगों को जंगीपुरा उप संभागीय अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में एक अधिकारी ने बताया कि मंत्री को पैरों और पेट के निचले हिस्से में चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें कोलकाता के किसी अस्पताल में भेजने से पहले स्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।’
तृणमूल के नेता एवं वरिष्ठ मंत्री मलय घटक ने इस हमले के लिए पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि तृणमूल से निष्कासित किए गए एवं मुर्शिदाबाद जिला परिषद के सभाधिपति मुशर्रफ हुसैन ने दावा किया कि यह पार्टी के बीच आंतरिक कलह का नतीजा है। पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में चुनाव होने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव पूर्ण माहौल बना हुआ है।
रेलवे ने बताया टीएमसी के आंतरिक कलह का मामला
रेलवे के अधिकारियों के अनुसार यह टीएमसी के आंतरिक कलह का मामला है। वहीं रेलवे के अधिकारियों ने लेफ्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भी शंका जाहिर किया है। रेलवे का कहना है कि कुछ दिन पहले लेफ्ट के रैली में कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज की गई थी जिसके बाद से कार्यकर्ता काफी आक्रोश में थे।
भाजपा जिलाध्यक्ष शिबाजी सिंह रॉय भी हमले में घायल
वहीं एक अन्य हमले में उत्तरी कोलकाता के भाजपा जिलाध्यक्ष शिबाजी सिंह रॉय भी घायल हो गए हैं। शिबाजी, सुभेंदू अधिकारी और शंकुदेब पांडा समेत अन्य भाजपा नेताओं के साथ जा रहे थे उसी वक्त कथित तौर पर फूल बागान में कुछ व्यक्तियों द्वारा उनपर हमला किया गया। उन्हें पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता बाबू मास्टर पर हमला हुआ था। उनकी गाड़ी पर भी बम से हमला किया गया था। 10-12 बदमाशों ने उनकी गाड़ी घेरकर गोलीबारी की थी। उस वक्त बाबू मास्टर बशीरहाट से कोलकाता आ रहे थे। इस हमले में वह बुरी तरह घायल हो गए थे। घायल हालत में बाबू मास्टर को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।