West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए जाएंगे। वहीं, इससे पहले तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से अपने-अपने दावे किए जा रहे हैं। इस कड़ी में आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए नतीजों को लेकर बड़ा दावा किया है।
पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़े एग्जिट पोल्स को आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिखाए गए एग्जिट पोल्स बेकार हैं और इन पर कोई भरोसा नहीं करना चाहिए। हुमायूं कबीर ने आईएएनएस से बात करते हुए दावा किया, 'पश्चिम बंगाल में कोई भी राजनीतिक पार्टी बहुमत के करीब नहीं पहुंच पाएगी। 294 सीटों में से 148 सीटें हासिल करना किसी के बस की बात नहीं है। इंतजार कीजिए, 4 मई को सुबह 10 से 11 बजे तक नतीजे सामने आ जाएंगे।'
ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों पर क्या बोले हुमायूं कबीर?
वहीं, ईवीएम की सुरक्षा और छेड़छाड़ के आरोपों पर हुमायूं कबीर ने चुनाव आयोग का बचाव किया। उन्होंने कहा, 'चुनाव आयोग ने ईवीएम के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। लोग बेतुकी बातें कर रहे हैं, इनका कोई मोल नहीं है। आम जनता, जिसने वोट दिया, वही जीतेगी।' उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग ईवीएम हैकिंग की बात कर रहे हैं, लेकिन यह मुमकिन नहीं है। उन्होंने इस पर यकीन करने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन
चुनाव आयोग ने चुनौती सफलतापूर्वक पूरी की- कबीर
चुनाव के बाद होने वाली हिंसा पर हुमायूं कबीर ने कहा, 'चुनाव आयोग ने 2026 के चुनावों की चुनौती सफलतापूर्वक पूरी की है।' उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बधाई दी। उन्होंने 2021 और 2024 के चुनावों में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोग घायल हुए और अपनी जान गंवा बैठे।
हुमायूं कबीर ने बताया उनकी पार्टी को कितनी सीट मिलेगी?
इस दौरान हुमायूं कबीर ने अपनी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर आशावादी रुख रखते हुए कहा कि 22 सीटों में से एजेयूपी को कम से कम 5 से 8 सीटें मिलने की उम्मीद है। सबसे दुखद खबर यह है कि अधीर दा बहरामपुर से चुनाव हारने वाले हैं, वह जीत नहीं पाएंगे।'