पश्चिम बंगाल के हावड़ा में चुनाव प्रचार के दौरान भारी हंगामा हुआ। भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के रोड शो में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने 'जय बांग्ला' के नारे लगाए, जिससे नाराज होकर सुवेंदु ने उन्हें 'चोर' कह डाला। सुवेंदु ने इस घटना को साजिश बताते हुए पुलिस अधिकारी को हटाने की मांग की है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तपिश अब सड़कों पर साफ नजर आने लगी है। 15 अप्रैल 2026 को हावड़ा जिले के बाली विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त भारी तनाव पैदा हो गया, जब भाजपा के दिग्गज नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी एक रोड शो निकाल रहे थे। यह रोड शो भाजपा उम्मीदवार संजय सिंह के समर्थन में आयोजित किया गया था, लेकिन देखते ही देखते यह राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया।
विज्ञापन
क्यों गुस्सा हो गए सुवेंदु अधिकारी
रोड शो के दौरान जैसे ही सुवेंदु अधिकारी का काफिला बाली के व्यस्त इलाकों से गुजरा, वहां मौजूद तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरने की कोशिश की। टीएमसी समर्थकों ने न सिर्फ पार्टी के झंडे लहराए बल्कि सुवेंदु के सामने ही 'जय बांग्ला' के नारे लगाने शुरू कर दिए। विपक्षी खेमे की इस नारेबाजी को देखकर सुवेंदु अधिकारी अपना नियंत्रण खो बैठे।
वीडियो फुटेज में देखा गया कि सुवेंदु अपनी गाड़ी से नीचे उतरने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वे प्रदर्शनकारियों का सामना कर सकें। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों की ओर इशारा करते हुए उन्हें बार-बार चोर, चोर कहकर संबोधित किया। माहौल इतना गरमा गया था कि उनके निजी सुरक्षाकर्मियों और पुलिस को उन्हें बीच-बचाव कर रोकना पड़ा, वरना स्थिति और बिगड़ सकती थी।
विज्ञापन
पुलिस पर फूटा गुस्सा
घटना के तुरंत बाद सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह महज एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक सुनियोजित उकसावा था। अधिकारी ने बाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए मांग की कि उन्हें तुरंत प्रभाव से पद से हटाया जाए। उन्होंने पूछा कि पुलिस की मौजूदगी में टीएमसी कार्यकर्ता उनके काफिले के इतने करीब कैसे पहुंच गए?
2026 का सियासी समीकरण
बताते चलें कि इस बार का बंगाल विधानसभा चुनाव सुवेंदु अधिकारी के लिए साख की लड़ाई है। इस बार वे नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनावी मैदान में हैं। विशेष रूप से भवानीपुर सीट पर उनका सीधा मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। भाजपा ने इस बार बंगाल फतह करने के लिए कमर कस ली है। पीएम मोदी से लेकर अमित शाह तक बंगाल में कई रैलियां कर चुके हैं।