सार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और एसआईआर को लेकर सियासत गरमाई है। सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया कि बंगालवासियों और बंगाली भाषी लोगों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर मुझे आहत किया गया, तो मैं और खतरनाक हो जाऊंगी।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI Photos
पश्चिम बंगाल में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव और राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासत तेज है। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति भी सातवें आसमान पर है। इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने पीएम मोदी पर एसआईआर के जरिए बंगालवासियों को परेशान करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि अगर आप मुझे परेशान करेंगे, तो मैं और ज्यादा खतरनाक हो जाऊंगी।
सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी लोग अपनी भाषा बोलने के कारण परेशान हो रहे हैं। सीएम ममता ने कहा कि एक व्यक्ति आया और कहा कि सरकार बंगला भाषा का समर्थन करती है, लेकिन यह सच नहीं है। बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में बंगाली लोग बंगला बोलने के लिए भी परेशान हो रहे हैं। अगर आप मुझे आहत करेंगे, तो मैं बहुत खतरनाक हो जाऊंगी।
ये भी पढ़ें:- 'किसी के निधन पर घटिया राजनीति करना दुखद': ममता बनर्जी पर भड़के फडणवीस, बोले- ओछी राजनीति कर रहीं बंगाल की CM
एसआईआर को लेकर भी बोलीं सीएम ममता
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर आप लोगों को परेशान कर रहे हैं। शर्म की बात है। चुनाव आयोग, यह आपका काम नहीं है।
ये भी पढ़ें:- कोलकाता आग: मोमो बनाने वाली फैक्टरी के तीन लोगों की मौत, मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा
चुनाव आयोग पर लगाए थे आरोप
बता दें कि इससे पहले इस सप्ताह सीएम ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी हमला किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग लोगों के वोटिंग अधिकार छीन रहा है, जबकि वहीं राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) मना रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा था कि चुनाव आयोग आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मना रहा है और यह एक दुखद मजाक है। ममता ने कहा कि चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने के बजाय, नए बहाने बनाकर लोगों को परेशान कर रहा है और उनका मताधिकार रोक रहा है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में अप्रैल और मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।