पश्चिम बंगाल में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल के भाटपारा में दो अज्ञात उपद्रवियों के समूह के बीच हिंसक झड़प हुई। जिसमें देसी बम फेंका गया और गोलियां चलाई गईं। झड़प में एक शख्स की मौत हो गई है जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना उत्तरी 24 परगना के भाटपारा में घटित हुई।
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान रामबाबू शॉ के तौर पर हुई है। हालांकि घायलों की फिलहाल पहचान नहीं होनी बाकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार नए बने पुलिस स्टेशन के पास दो गुटों के बीच देसी बम फेंके गए और एक सदस्य ने हवा में गोलियां चलाईं। इस पुलिस स्टेशन का उद्घाटन गुरुवार को होना है।
रैपिड एक्शन फोर्स के साथ पुलिस अधिकारियों की एक टीम को क्षेत्र में तैनात किया गया है। घटना के बाद फैली अशांति के कारण दुकानों, बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने अपनी दुकान के शटर गिरा दिए हैं। भाटपारा में 19 मई से विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होने के बाद झड़पों का सिलसिला जारी है।