पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक कारोबारी ने खुद से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, बिश्नोई गिरोह के नाम से उसे धमकी दी जा रही है, उसे एक महीने से अधिक समय से फोन और ऑडियो संदेश आ रहे हैं। मामले में लालबाजार की विशेष टीम जांच कर रही है, फिलहाल गिरोह से संबंध की पुष्टि नहीं हो सकी है।
कोलकाता के भवानीपुर में एक कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने भवानीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका दावा है कि फोन करने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक धमकी का बिश्नोई गिरोह से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है।
शरत बोस रोड स्थित एक परिसर में रहने वाले कारोबारी के अनुसार, उसे पहली बार 30 जून को एक अज्ञात अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन आया था। इसके बाद एक महीने से अधिक समय तक लगातार फोन और आवाज संदेश भेजकर पांच करोड़ रुपये की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
विज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच विशेष इकाई को सौंप दी है। इसमें खुफिया विभाग का एंटी राउडी स्क्वॉड और विशेष कार्यबल शामिल हैं। जांचकर्ता अंतरराष्ट्रीय नंबर के स्रोत और फोन करने वालों की पहचान का पता लगाने में जुटे हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फिलहाल इस फोन का बिश्नोई गिरोह से कोई संबंध नहीं मिला है। जांच इस पहलू पर भी की जा रही है कि कहीं स्थानीय अपराधी गिरोह का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी को डराकर रंगदारी वसूलने की कोशिश तो नहीं कर रहे। पुलिस मौजूदा मामले की जांच के साथ फोन नंबर, आवाज संदेश और कारोबारी को मिली धमकियों की भी पड़ताल कर रही है।