पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ ने 1.30 करोड़ रुपए के सोने के बिस्कुट के साथ एक महिला तस्कर को गिरप्तार किया है। महिला की पहचान मनिका धर, जिला चित्तागोंग, बांग्लादेश के रूप में हुई है। गिरफ्तार महिला के पास से 27 सोने के बिस्कुट मिले हैं, जिनका वजन 2 किलो 145 ग्राम बताया गया है। बरामद सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 29 लाख 32 हजार 133 रुपए बताई जा रही है।
बीएसएफ ने शुक्रवार को बताया कि भारतीय आईसीपी पेट्रापोल पर तैनात बीएसएफ महिला जवानों को खुफिया सूत्रों से गुरुवार को खबर मिली थी कि एक बांग्लादेशी महिला तस्कर सोने के साथ यात्री टर्मिनल से भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूत्रों की खबर के मुताबिक, महिला जब यात्री टर्मिनल पर पहुंची तो बीएसएफ महिला प्रहरियों ने उसे रोका और उसकी तलाशी ली। महिला की तलाशी के दौरान जवानों ने उसके कपड़े में बंधे हुए 27 सोने की विभिन्न प्रकार की पट्टियां जब्त कीं। महिला तस्कर ने उन्हें कपड़े में छुपाकर अपनी कमर पर बांध रखा था। इसके बाद महिला कर्मियों ने उसे गिरफ्तार करते हुए पूछताछ के लिए चौकी लेकर आईं। महिला तस्कर की पहचान मनिका धर, जिला चित्तागोंग, बांग्लादेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में महिला तस्कर ने बताया की सोने की बिस्कुट उसे बांग्लादेश के चित्तागोंग के निवासी सुमन धर ने दिए थे। इसके बाद भारत पहुंचकर ये सोने के बिस्कुट वह बारासात में किसी अनजान व्यक्ति को सौंपने वाली थी। उसने बताया कि वह ऐसा पहली बार कर रही थी। उसे इस काम के लिए दो हजार रुपए मिलने वाले थे।
गिरफ्तार महिला तस्कर को जब्त सोने के बिस्कुटों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम ऑफिस पेट्रापोल को सौंप दिया गया है। पूछताछ जारी है।