बहरहाल, भाजपा ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सोमवार की दोपहर संघर्ष के दौरान पुलिस ने शॉटगन से गोलीबारी की, जिससे उनके कार्यकर्ता उलेन राय की मौत हो गई।
भाजपा के राज्य महासचिव सायंतन बसु ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी के कार्यकर्ता की मौत शॉटगन से जख्म के कारण हुई। हमारे खिलाफ यह आरोप कि हमने हथियारबंद लोगों को लाया था, पूरी तरह निराधार है और यह पुलिस गोलीबारी की बात को ढंकने के लिए कहा जा रहा है।’’ बता दें कि भाजपा ने पहले आरोप लगाए कि राय की पुलिस ने लाठीचार्ज के दौरान पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस कार्रवाई और अपनी पार्टी के कार्यकर्ता की मौत के खिलाफ भाजपा ने उत्तर बंगाल में 12 घंटे का बंद बुलाया है।
अधिकारियों ने बताया कि उतर बंगाल के शहर में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आहूत हिंसक प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें कीं। संघर्ष में कई प्रदर्शनकारी और पुलिसकर्मी घायल हो गए।