मोदी सरकार में मंत्री और पश्चिम बंगाल के टॉलीगंज से भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी। बाबुल सुप्रियो ने बताया कि वह और उनकी पत्नी कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में वह 26 अप्रैल को आसनसोल में मतदान नहीं कर पाएंगे। बता दें कि सुप्रियो दूसरी बार इस वायरस से संक्रमित हुए हैं।
बाबुल सुप्रियो ने कहा कि वह मानसिक रूप से आसनसोल क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के साथ रहेंगे। वहीं, घर से ही स्थिति पर नजर रखेंगे। सुप्रियो ने ट्वीट किया, 'मैं और मेरी पत्नी दोनों जांच में संक्रमित पाए गए हैं। मैं दूसरी बार संक्रमित हो गया। बहुत दुखद है कि मैं आसनसोल में मतदान नहीं कर पाऊंगा। 26 अप्रैल के चुनाव में मेरा वहां सड़कों पर होना भी जरूरी था, जहां 'हताश' तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान में खलल डालने के लिए पहले ही अपने आतंक तंत्र को काम पर लगा दिया है।'
भाजपा नेता ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, 'हालांकि, टीएमसी आतंक तंत्र, जिनसे मैं 2014 से सही ढंग से निपट रहा हूं, वे ज्यादा खुश न हों, क्योंकि मैं अपने कमरे से अपनी ड्यूटी करूंगा और वहां नौ की नौ सीट जीतने के लिए हरसंभव तरीके से अपने प्रत्याशियों के साथ मानसिक रूप से मौजूद रहूंगा।' बता दें कि आसनसोल से दो बार सांसद रहे सुप्रियो इस बार टॉलीगंज से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं, जहां मतदान पहले ही हो चुका है।