संदेशखाली मामले से जुड़े मुख्य आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बंगाल के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार धरने पर बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें ही हिरासत में ले लिया।
पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में टीएमसी नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठने के बाद राज्य की पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। संदेशखाली में उनके विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन पर कार्रवाई की। गुरुवार को क्षेत्र का दौरा करने की पुलिस से अनुमति मिलने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार वहां पहुंचे थे।
विज्ञापन
धरने पर बैठे सुंकात मजूमदार, तो पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस स्टेशन के बाहर सुकांत मजूमदार फरार चल रहे टीएमसी नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के स्थानीय लोगों, महिलाओं से बातचीत की। इससे एक दिन पहले सुकांत मजूमदार जिले के बशीरहाट इलाके में जेल में बंद पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने गए थे। गिरफ्तार किए गए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात को लेकर सुकांत मजूमदार ने कहा था कि वे आम परिवार की तरह बाहर से ही उनसे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलूंगा। मुझे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी पार्टी कार्यकर्ता निर्दोष हैं।
हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया- सुकांत
संदेशखाली की घटनाओं के बारे में बोलते हुए सुकांत मजूमदार ने कहा कि बशीरहाट जाने का मुख्य लक्ष्य भाजपा कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाना है कि पूरी भारतीय जनता पार्टी उनके साथ है। प्रधानमंत्री से लेकर हर बूथ अध्यक्ष तक हर कोई उनके साथ खड़ा है और हम उन्हें जेल से बाहर निकालेंगे। मजूमदार ने यह भी सवाल किया कि टीएमसी नेता शाहजहां शेख को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। मैं राज्य के डीजीपी से पूछता हूं कि आखिर अब तक आरोपी को क्यों गिरफ्तार नहीं किया गया। इससे पहले सोमवार को पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने घोषणा की थी कि संदेशखाली हिंसा को लेकर राज्य में उथल-पुथल के बीच शाहजहां शेख की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पार्टी आने वाले दिनों में 72 घंटे का लंबा विरोध प्रदर्शन करेगी।