केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता की वाई प्लस की सुरक्षा को अपग्रेड कर उन्हें जेड कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इससे पहले टीएमसी से भाजपा में शामिल हुए शुभेंदु अधिकारी को भी इस कैटेगरी की सुरक्षा मिल चुकी है। कुछ दिन पहले ही मिथुन चक्रवर्ती को वाइ प्लस की सुरक्षा दी गई थी।
बता दें कि मुकुल रॉय को भाजपा ने नदिया जिले के कृष्णानगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा है। भाजपा ने मुकुल रॉय के अलावा उनके बेटे पर भी विश्वास जताया है। मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांशु राय को बीजपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस को अलविदा कहा था और भाजपा में शामिल हुए थे। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता मुकुल रॉय रेल मंत्री भी रह चुके हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव 27 मार्च हो होगा। इस बीच बंगाल में चुनावी हिंसा ने फिर से जोर पकड़ लिया है। राज्य में आए दिन भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं की मौत हो रही है। इसका आरोप भी भाजपा और टीएमसी एक दूसरे पर लगा रहे हैं। बुधवार को कूचबिहार के में भाजपा मंडल अध्यक्ष का शव बरामद किया गया, इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण का चुनाव 27 मार्च को होगा। इस दौरान पांच जिलों की 30 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण के चुनाव में भी 30 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। आखिरी चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और नतीजे दो मई को घोषित किए जाएंगे।