पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आधिकारिक तारीखों का अभी एलान नहीं हुआ है, लेकिन सियासी हलचल बढ़ती जा रही है। राज्य में मजबूत सियासी कद वाले सुवेंदु अधिकारी भी पाला बदलते हुए भाजपा में शामिल हुए हैं। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद से राज्य में दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। बुधवार को जहां टीएमसी ने सुवेंदु अधिकारी के गृह नगर पूर्वी मिदनापुर के कोंताई में रैली कर जनता का समर्थन मांगा और उन्हें निशाने पर लिया। वहीं, आज सुवेंदु अधिकारी भी रैली करने वाले हैं।
सौमित्र खान भी रहेंगे साथ
भाजपा का दामन थामने के बाद अब सुवेंदु अधिकारी पहली बार कोंताई में रैली को संबोधित करने जा रहे हैं। अधिकारी के साथ भाजपा के युवा मोर्चा के अध्यक्ष सौमित्र खान भी होंगे, जिनकी पत्नी सुजाता मंडल खान कुछ दिन पहले ही टीएमसी में शामिल हुई हैं। इसके बाद भाजपा नेता ने पत्नी के खिलाफ तलाक का मुकदमा दायर किया है।
यह भी पढ़ें: पत्नी को तलाक देंगे भाजपा सांसद सौमित्र खान, कहा- तृणमूल ने मेरा प्यार छीन लिया
पूर्वी मिदनापुर जिले को टीएमसी का गढ़ माना जाता है, लेकिन अधिकारी के परिवार की भी यहां के लोगों के बीच अच्छी पकड़ है। ऐसे में जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने और लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए टीएमसी और भाजपा दोनों ही पुरजोर कोशिश कर रही हैं।
बताया गया है कि सुवेंदु की यह रैली शक्ति प्रदर्शन और टीएमसी की रैली को काउंटर करने के लिए हो रही है। वहीं, माना जा रहा है कि सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सात जनवरी को जिले के नंदीग्राम में जनता को संबोधित कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें: बंगाल में बवाल: मिदनापुर में भिड़े सुवेंदु व तृणमूल समर्थक, पथराव में कई घायल
बता दें कि सुवेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिना जाता था। अधिकारी और उनके परिवार ने पूर्वी मिदनापुर जिले में टीएमसी की राह को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यों को किया। इस जिले के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर भी अधिकारी और उनके परिवार की मजबूत पकड़ है।