फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ममता बनर्जी पर पीएम मोदी का कटाक्ष, बोले- लोकसभा में टीएमसी हाफ, इस बार पूरी साफ

Sun, 07 Mar 2021 03:49 PM IST
Tanuja Yadav न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिगेड परेड ग्राउंड से अपनी पहली चुनावी रैली की हुंकार भरी। यहां रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी और वामपंथ पर कटाक्ष किया और दोनों पार्टियों पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ममता बनर्जी की स्कूटी का नंदीग्राम से गिरना तय है। यही नहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले दस साल से राज्य में मां, माटी और मानुष की क्या स्थिति है, ये सबको पता है। यही नहीं ममता पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ममता बनर्जी ने बंगाल की जनता का भरोसा तोड़ा और धोखा दिया है। यहां पढ़िए पीएम मोदी की रैली से संबंधित सभी अपडेट्स...
विज्ञापन
रैली को संबोधित कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:43 PM, 07-Mar-2021

लोकसभा में टीएमसी हाफ, इस बार पूरी साफ - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कहा कि लोकसभा चुनाव में आपने- चुप-चाप कॉमल छाप से कमाल किया। आपके एक वोट की ताकत कश्मीर से लेकर अयोध्या तक देखी है। इस बार आपको जोर से छाप, टीएमसी साफ के इरादे से आगे बढ़ना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में नारा दिया कि लोकसभा में टीएमसी हाफ और इस बार पूरी साफ।

03:40 PM, 07-Mar-2021

दीदी इतना गुस्सा क्यों, मुझे रावण, दानव तक कहा गया - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपको याद होगा मेरे लिए क्या क्या कहा गया है। कभी रावण कहा गया, कभी दानव, कभी दैत्य तो कभी गुंडा कहा गया। दीदी, इतना गुस्सा क्यों? प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की स्थापना के मूल में ही बंगाली चिंतन है। भाजपा वो पार्टी है जिसकी स्थापना की प्रेरणा, बंगाल के महान सपूत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हैं। भाजपा वो पार्टी है जिसके विचारों में बंगाल की महक है। भाजपा वो पार्टी है जिसके संस्कारों में बंगाल की परंपरा है।

03:37 PM, 07-Mar-2021

दीदी और उनके साथियों की नींद उड़ गई है - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरे आप सभी दोस्त बताइए, दोस्ती चलेगी या तोलाबाजी? बहनों और भाइयों, आपके इसी जोश से दीदी और उनके साथियों की नींद उड़ी हुई है। तभी तो ये लोग कह रहे हैं कि इस बार - खेला होबे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं आप सभी से अपील करता हूं कि बिना किसी डर से भाजपा को वोट दें। बंगाल विकास चाहता है और इसके लिए वोट जरूर करें।

विज्ञापन
03:35 PM, 07-Mar-2021

कोरोना काल में अपने गरीब दोस्तों की मदद की - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया में सबको परेशान किया लेकिन मेरे ये गरीब दोस्त ही थे, जो बहुत परेशान हुए। जब कोरोना आया तो मैंने अपने हर दोस्त को मुफ्त में राशन दिया, मुफ्त गैस सिलिंडर दिया और करोड़ों रुपए बैंक खाते में जमा करवाए। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में कोरोना वैक्सीन इतनी महंगी है। लेकिन मैंने अपने दोस्तों के लिए सरकारी अस्पताल में मुफ्त में टीका लगाने का प्रबंध किया।

03:26 PM, 07-Mar-2021

बंगाल में विकास का काम किया जाएगा - पीएम

प्रधानंमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते छह साल में केंद्र सरकार की हर योजना के केंद्र में हमारी बेटियां और माताएं, बहनें रही हैं। आज गरीब को अपना पक्का घर भी मालकिन के नाम से ही मिल रहा है। घर घर शौचालय बनें, इज्जत घर बनें, तो बहन -बेटियों को ही सम्मान मिला। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में 4 करोड़ से ज्यादा जन धन खाते खोले गए, इसमें आधे से ज्यादा खाते महिलाओं के ही हैं। हमने जब मुद्रा लोन देकर नए अवसर दिए, तो इसका भी लाभ लेने वाली 75% महिलाएं ही हैं।

विज्ञापन
03:23 PM, 07-Mar-2021

टीएमसी यहां के गरीबों, महिलाओं और बच्चों की गुनहगार है या नहीं - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कहा कि क्या गरीब की चिंता करना, उसकी सेवा करना हमारा कर्तव्य नहीं है? या हम इस पर भी राजनीति करेंगे? लेकिन अफसोस, टीएमसी सरकार यही कर रही है। हर घर जल पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार जो पैसे भेज रही है, उसका बहुत बड़ा हिस्सा आज तक यहां की सरकार खर्च ही नहीं कर पाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां इस ब्रिगेड ग्राउंड से पूरे बंगाल के लोगों से पूछता हूं- क्या टीएमसी सरकार बंगाल के गरीबों, यहां की महिलाओं, यहां के बच्चों की गुनहगार है कि नहीं?

03:20 PM, 07-Mar-2021

ममता की स्कूटी ने नंदीग्राम में गिरना तय किया है - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि दीदी, आप बंगाल की ही नहीं आप तो भारत की बेटी हैं! कुछ दिन पहले जब आपने स्कूटी संभाली, तो सभी प्रार्थना कर रहे थे कि आप सकुशल रहें! अच्छा हुआ आप गिरी नहीं, नहीं तो जिस राज्य में वो स्कूटी बनी है, उस राज्य को ही अपना दुश्मन बना लेतीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब आपकी स्कूटी भवानीपुर जाने की बजाय नंदीग्राम की तरफ मुड़ गई। दीदी, हम तो हर किसी का भला चाहते हैं, हम नहीं चाहते किसी को चोट आए। लेकिन जब स्कूटी ने नंदीग्राम में ही गिरना तय किया, तो हम क्या करें।

03:17 PM, 07-Mar-2021

ममता एक ही भतीजे की बुआ बनकर क्यों रह गईं - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दीदी आज पश्चिम बंगाल के नौजवान, यहां के बेटे-बेटियां आपसे एक ही सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने आपको दीदी की भूमिका में चुना था लेकिन आपने खुद को एक ही भतीजे की बुआ तक सीमित क्यों कर दिया? पीएम मोदी ने कहा कि आपने एक ही भतीजे की बुआ होने के मोह को क्यों चुना? बंगाल के लाखों भतीजे-भतीजियों की आशाओं के बजाय आप अपने भतीजे का लालच पूरा करने में क्यों लग गईं? आप भी भाई-भतीजावाद के उन कांग्रेसी संस्कारों को छोड़ नहीं पाईं, जिनके खिलाफ आपने बगावत की थी।

03:15 PM, 07-Mar-2021

मां, माटी और मानुष की स्थिति क्या है, सब जानते हैं - पीएम

पीएम मोदी ने रैली में कहा कि वामपंथियों के विरुद्ध ममता दीदी ने पोरिवर्तन का नारा दिया था। पश्चिम बंगाल से मां, माटी, मानुष के लिए काम करने का वादा किया था। पिछले 10 साल से यहां टीएमसी की सरकार है, क्या सामान्य बंगाली परिवार के जीवन में वो परिवर्तन आया जिसकी उसे अपेक्षा थी?

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज बंगाल का मानुष परेशान है, वो अपनी आंखों के सामने अपनों का खून बहता देखता है। वो अपनों को अपनी आंखों के सामने लुटते हुए देखता है। वो अपनों को इलाज के अभाव में दम तोड़ते हुए देखता है। पूरा बंगाल अब एक स्वर में कह रहा है- आर नॉय औन्नॉय।

03:09 PM, 07-Mar-2021

प्रधानमंत्री मोदी का ममता और वामपंथ पर तंज

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कहा कि आजादी के नारे पर कांग्रेस सत्ता में आई थी। आजादी के बाद कुछ समय काम हुआ, लेकिन फिर बंगाल पर वोटबैंक की राजनीति हावी होती चली गई। इस राजनीति को वामपंथियों ने और बढ़ाया और नारा दिया- "कांग्रेसेर कालो हाथ, भेंगे दाओ, गुड़िये दाओ!

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसे ही नारों के दम पर वामपंथी सत्ता में आए, लगभग तीन दशक तक सत्ता संभाली। आज उस काले हाथ का क्या हुआ? जिस हाथ को वामपंथी काला समझते थे, वो आज सफेद कैसे हो गया? जिस हाथ को तोड़ने की बात करते थे, आज उसी का आशीर्वाद लेकर वो चल रहे हैं।

03:05 PM, 07-Mar-2021

बंगाल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का विस्तार किया जाएगा - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विस्तार को भी बल दिया जाएगा। इंजीनियरिंग, डॉक्टर, टेक्नॉलॉजी, ऐसे विषयों की पढ़ाई, बांग्ला भाषा में भी हो, इस पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ पश्चिम बंगाल में सत्ता का परिवर्तन करना ही नहीं है। हम बंगाल की राजनीति को विकास केंद्रित करना चाहते हैं। इसलिए हम असोल पोरिवर्तन की बात कर रहे हैं।

03:03 PM, 07-Mar-2021

कमीशनबाजी की वजह से कई काम रुके - पीएमो

पीएम मोदी ने रैली में कहा कि आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इनकी कमीशनबाजी की वजह से कोलकाता एयरपोर्ट से जुड़े कई काम तक रुके हुए हैं। ऐसे रुके हर काम को भाजपा सरकार में तेज गति दी जाएगी। यहां के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को भाजपा सरकार में नई ऊर्जा मिलेगी।

02:58 PM, 07-Mar-2021

सभी पर बराबर ध्यान दिया जाएगा - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता को केंद्रीय योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में मौजूदा व्यवस्था ने काफी कुछ बिगाड़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल हो या दक्षिण बंगाल, पश्चिमांचल हो या जंगलमहल। आदिवासी हो या दलित, पिछड़े, शोषित, वंचित या हमारे शरणार्थी भाई बहन, सभी पर बराबर ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जहां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास शासन का मंत्र होगा। जहां उन्नयन सबका होगा, तुष्टिकरण किसी का नहीं। जहां घुसपैठ और घुसपैठियों को रोका जाएगा।

02:56 PM, 07-Mar-2021

आशोल पोरिबोरतोन का विश्वास दिलाने आया हूं - पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि मैं ब्रिगेड ग्राउंड से आपको इस आशोल पोरिबोरतोन का विश्वास दिलाने आया हूं। विश्वास, बंगाल के विकास का। विश्वास, बंगाल में स्थितियों के बदलने का। विश्वास, बंगाल में निवेश बढ़ने का। विश्वास, बंगाल के पुनर्निर्माण का। विश्वास, बंगाल की संस्कृति की रक्षा का। पीएम मोदी ने कहा कि मैं विश्वास दिलाने आया हूं कि आपके लिए, यहां के नौजवानों के लिए, किसानों, उद्यमियों, यहां की बहनों-बेटियों के विकास के लिए हम 24 घंटे दिन रात मेहनत से काम करेंगे। हम मेहनत करने में कोई कमी नहीं रखेंगे।

02:54 PM, 07-Mar-2021

कुछ लोगों को लगता होगा कि आज दो मई है - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में एक तरफ टीएमसी है, लेफ्ट-कांग्रेस है, उनका बंगाल विरोधी रवैया है, और दूसरी तरफ खुद बंगाल की जनता कमर कसकर खड़ी हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज ब्रिगेड ग्राउंड में आप लोगों की हुंकार सुनने के बाद अब किसी को कोई संदेह नहीं रह जाएगा। कुछ लोगों को तो लगता होगा कि शायद आज दो मई आ गई है।

02:47 PM, 07-Mar-2021

बीते दशकों में ब्रिगेड चलो का नारा गूंजा - पीएम

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रिगेड ग्राउंड के आसपास, एक तरफ स्वामी विवेकानंद जी का जन्मस्थान है, दूसरी तरफ नेताजी सुभाष चंद्र बोस का निवास स्थान है, एक तरफ महर्षि श्री ऑरोबिन्दों का जन्मस्थान है, तो दूसरी तरफ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्मस्थान है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये कोलकाता, बंगाल पूरे भारत की बहुत बड़ी प्रेरणा स्थली है। बीते दशकों में ब्रिगेड ग्राउंड में अनेकों बार ये नारा गूंजा है- ब्रिगेड चलो। इस ग्राउंड ने अनेक देशभक्तों को देखा है।

02:43 PM, 07-Mar-2021

टीएमसी और लेफ्ट पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी और लेफ्ट पर निशाना साधा और कहा कि ममता बनर्जी ने बंगाल को धोखा दिया है। ममता बनर्जी ने बंगाल की जनता का भरोसा को तोड़ा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि इन लोगों ने बंगाल का विश्वास तोड़ा। इन लोगों ने बंगाल को अपमानित किया। यहां की बहन-बेटियों पर अत्याचार किया।

02:39 PM, 07-Mar-2021

इतना बड़ा जनसैलाब कभी नहीं देखा

प्रधानमंत्री मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक जीवन में सैकड़ों रैलियों को संबोधित करने का सौभाग्य मिला है, लेकिन इतने लंबे कार्यकाल में मैंने कभी इतने बड़े विशाल जन समूह का हमें आशीर्वाद मिला हो ऐसा दृश्य मुझे आज देखने को मिला है।
 

02:37 PM, 07-Mar-2021

मिथुन चक्रवर्ती ने पीएम मोदी को दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी के मंच पर पहुंचने के बाद भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती ने पीएम मोदी को बधाई दी। 
 

02:33 PM, 07-Mar-2021

भाजपा के मंच पर पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिगेड परेड ग्राउंड के मंच पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद ग्राउंड से भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे लगे। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ हिलाकर मंच से लोगों का अभिवादन किया और पूरे मंच का दौरा किया। 
 

02:01 PM, 07-Mar-2021

कोलकाता पहुंचने पर पीएम मोदी ने किया ट्वीट

कोलकाता पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि वो कोलकाता पहुंच चुके हैं और अपनी पार्टी की महारैली के लिए रास्ते में हैं। पीएम मोदी ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता और पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जल्द होने की उम्मीद है।
 

01:52 PM, 07-Mar-2021

मैं दिल से बंगाली हूं - मिथुन चक्रवर्ती

प्रधानमंत्री मोदी की रैली से पहले भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मैं दिल से बंगाली हूं। मेरा मानना है कि जो बंगाल में रह रहा है, वो बंगाली है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मुझ पर भरोसा रखना, मैंने किसी का साथ नहीं छोड़ा है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि मैं जो कहता हूं, वो करता हूं। उन्होंने कहा कि जब मैं 18 साल का था, तब से मेरी कामना थी कि मैं गरीबों के लिए कुछ करूं और आज वो सपना पूरा हो रहा है। 

01:47 PM, 07-Mar-2021

टीएमसी राजनैतिक पार्टी नहीं, बल्कि प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है - सुवेंदु

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड से भारतीय जनता पार्टी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि टीएमसी अब कोई राजनैतिक पार्टी नहीं है, यह एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन गई है। इस कंपनी की चेयरमैन ममता बनर्जी हैं और एमडी टोलेबाज हैं। 
 

01:45 PM, 07-Mar-2021

कोलकाता पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंच चुके हैं। यहां से प्रधानमंत्री मोदी ब्रिगेड परेड ग्राउंड से रैली को संबोधित करेंगे। खबरों की माने तो लाखों की संख्या में इस परेड ग्राउंड लोगों ने शिरकत की है। 

01:34 PM, 07-Mar-2021

कैलाश विजयवर्गीय ने किया स्वागत

बंगाल भाजपा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर मिथुन चक्रवर्ती के भाजपा में शामिल होने का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि स्वागतम मिथुन दा !!! कैलाश विजयवर्गीय ने लिखा कि प्रसिद्ध अभिनेता श्री मिथुन चक्रवर्ती जी विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हुए।
 

01:07 PM, 07-Mar-2021

भाजपा में शामिल हुए मिथुन चक्रवर्ती

मिथुन चक्रवर्ती ने भाजपा में शामिल होकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। वहीं मिथुन चक्रवर्ती ने भाजपा का पटका भी धारण किया। मंच पर आने के बाद मिथुन चक्रवर्ती ने कैलाश विजयवर्गीय, दिलीप घोष और रूपा गांगूली की उपस्थिति में पार्टी का झंडा लहराया और औपचारिक तौर पर पार्टी में शामिल हो गए। 
 

12:59 PM, 07-Mar-2021

प्रधानमंत्री मोदी की रैली से पहले लाखों की संख्या में लोग ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर पहुंचे। भाजपा की ओर से दावा किया गया है इस रैली में लगभग दस लाख लोग आएंगे। 
 

12:53 PM, 07-Mar-2021

ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर पहुंचे दिलीप घोष

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर पहुंचे और वहां पहुंचकर उन्होंने अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को बधाई दी। इस मंच पर बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल रहे। 
 

12:33 PM, 07-Mar-2021

मंच पर पहुंचे मिथुन चक्रवर्ती

प्रधानमंत्री मोदी आज ब्रिगेड परेड ग्राउंड से जनसभा को संबोधित करेंगे और पीएम मोदी की जनसभा से पहले मिथुन चक्रवर्ती परेड ग्राउंड पहुंच चुके हैं और मंच पर मौजूद हैं। मिथुन चक्रवर्ती के साथ कैलाश विजयवर्गीय और अर्जुन सिंह भी मंच पर मौजूद हैं। मिथुन चक्रवर्ती ने रैली में पहुंचे लोगों को धन्यवाद किया। 
 

12:22 PM, 07-Mar-2021

रैली से पहले भाजपा के कार्यकर्ता पर हमला

प्रधानमंत्री मोदी की रैली से पहले बंगाल में हिंसक झड़प की खबरें आई हैं। भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने दावा करते हुए ट्वीट किया कि आज रैली से पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पर टीएमसी के गुंडों ने हमला किया है। अर्जुन सिंह ने दावा किया कि बारासाट में ये हमला किया गया है। भाजपा के कार्यकर्ता पीएम की रैली में शामिल होने के लिए निकले थे। अर्जुन सिंह ने कहा कि बंगाल की जनता ईवीएम के जरिए जवाब देगी। भाजपा बंगाल से राजनीतिक हिंसा का कलंक खत्म कर देगी।
 

11:59 AM, 07-Mar-2021

भाजपा में शामिल होंगे मिथुन चक्रवर्ती

रविवार को हिंदी और बांग्ला फिल्मों के मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भाजपा में शामिल होंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिथुन दोपहर एक बजे कोलकाता में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करेंगे। वहीं कल देर रात कैलाश विजयवर्गीय ने मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात की। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मिथुन आज भाजपा में शामिल होंगे। वहीं बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि पहले उन्हें भाजपा में शामिल होने दीजिए, मुझे इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। 

09:52 AM, 07-Mar-2021

सिलिगुड़ी में ममता बनर्जी की पदयात्रा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज सिलिगुड़ी में रसोई गैस के बढ़ते दाम के खिलाफ पदयात्रा करेंगी। इसके लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं। इससे पहले पेट्रोल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी ममता बनर्जी ने स्कूटी चलाकर विरोध जताया था।
 

09:25 AM, 07-Mar-2021

भाजपा को दस लाख लोगों के जुटने की उम्मीद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोलकाता में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली रैली के लिए लोगों ने जुटना शुरू कर दिया है। यहां बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक पहुंचने वाले हैं। भाजपा को यहां दस लाख से ज्यादा लोगों के जुटने की उम्मीद है। 
 

09:16 AM, 07-Mar-2021

नंदीग्राम से ममता बनर्जी के खिलाफ लड़ने वाले सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि अगर टीएमसी एक बार फिर सत्ता में आएगी तो बंगाल कश्मीर बन जाएगा। एक रैली के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने यह बात कही।
 

09:13 AM, 07-Mar-2021

प्रधानमंत्री की रैली में मिथुन चक्रवर्ती होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की रैली की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भाजपा बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की रैली में अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भी शामिल होंगे। आज मिथुन चक्रवर्ती के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। 
 

09:01 AM, 07-Mar-2021

ममता बनर्जी पर पीएम मोदी का कटाक्ष, बोले- लोकसभा में टीएमसी हाफ, इस बार पूरी साफ

पश्चिम बंगाल चुनाव की तारीखों के एलान के बाद भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच टक्कर तेज हो गई है और दोनों ही पार्टियां एक-दूसरे को घेरने से पीछे नहीं हट रही हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड के मंच पर पहुंच गए हैं और रैली को संबोधित किया। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिलिगुड़ी में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पदयात्रा निकाली। वहीं अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती भाजपा के मंच पर पहुंचे और वहां से औपचारिक तौर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें