आरामबाग से टीएमसी उम्मीदवार सुजाता मंडल
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल में तीसरे चरण का मतदान जारी है। इस बीच यहां के आरामबाग सीट से टीएमसी उम्मीदवार सुजाता मंडल खान ने भाजपा पर हमले का आरोप लगाया है। सुजाता ने कहा कि उनपर ईंटों से हमला किया गया है। टीएमसी उम्मीदवार का कहना है कि मास्क में कुछ लोग आए, जिन्होंने उनपर हमला किया। इससे पहले सुजाता ने कहा कि बीती रात भाजपा के गुंडों ने महिला मतदाताओं को धमकाया और प्रताड़ित किया। वहीं, सुजाता ने आरोप लगाया कि बूथ संख्या 45 पर लोगों ने टीएमसी के लिए मतदान किया लेकिन वोट भाजपा में जा रहा है। इसके अलावा अरांडी में हमारे कार्यकर्ताओं को पीटा गया। केंद्रीय बल भी तटस्थ नहीं हैं। वे लोगों को भाजपा को वोट देने के लिए कह रहे हैं।
बता दें कि आरामबाग में भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ता एक-दूसरे से भिड़ गए। इसके बाद यहां तनाव का माहौल बन गया है। बीच बचाव के लिए सुरक्षाबलों आना पड़ा। उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल में केंद्रीय बलों का गलत इस्तेमाल हो रहा है। दीदी ने कहा कि चुनाव आयोग के सामने हमने कई बार इस मसले को उठाया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं, दीदी ने कहा कि केंद्रीय बल टीएमसी के कार्यकर्ताओं को रोक रहे हैं। साथ ही मतदाताओं को दूसरी पार्टी को वोट डालने के लिए कह रहे हैं।
टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग से की शिकायत
टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने चुनाव आयोग से शिकायत की है, जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा के गुंडों ने अरांडी-आई बूथ संख्या-263 (महालापारा) में टीएमसी उम्मीदवार सुजाता मंडल) पर हमला किया। हमले में सुजाता के सुरक्षा अधिकारी को सिर में गंभीर चोट लगी है और उनकी हालत गंभीर है। इस दौरान सीआरपीएफ के जवान मूकदर्शक बने हुए थे। वहीं, ओ ब्रायन ने आयोग को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने भाजपा के गुंडों को पकड़ने के लिए कहा है। साथ ही कहा है कि यह सुनिश्चित करें कि कोई भी भ्रष्ट आचरण न हो, हमारे कार्यकर्ताओं/सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से आयोजित किए जाएं, यह सुनिश्चित करें।