पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को सिलीगुड़ी में रसोई गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। इस मौके पर उनके साथ सैंकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भी पैदल मार्च किया। चुनावों की तारीखों का एलान होते ही ममता बनर्जी भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर होने का एक भी मौका नहीं छोड़ रही हैं। इससे पहले पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से ममता बनर्जी ने स्कूटी चलाकर विरोध जताया था।
ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी में पदयात्रा के बाद कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बंगाल में हैं। हमने यह उन्हें दिखाने के लिए यह प्रदर्शन किया है। उन्हें जवाब देना चाहिए कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के दाम क्यों बढ़ रहे हैं। ममता ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ भाषण देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री कहते हैं कि बंगाल में परिवर्तन होगा। मैं बताना चाहती हूं कि केंद्र में बदलाव होगा और पीएम मोदी की कुर्सी जाएगी। पीएम मोदी कहते हैं कि बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मैं बताना चाहती हूं कि पश्चिम बंगाल में महिलाएं सुरक्षित हैं, लेकिन गोवा, यूपी और गुजरात समेत भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं की स्थिति खराब है।’
ममता बनर्जी ने यह भी कहा, 'खेला होबे'! हम खेलने के लिए तैयार हैं। अगर वह (भाजपा) वोट खरीदना चाहते हैं, तो पैसे लें और टीएमसी के लिए अपना वोट डालें।
जानकारी के लिए बता दें कि पश्चिम बंगाल के ब्रिगेड ग्राउंड में आज (रविवार को) प्रधानमंत्री मोदी भी एक रैली में शामिल हुए। यहां उन्होंने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पीएम ने कहा, 'टोलबाजी, सिंडिकेट, कमीशन में कटौती! आपने इतने घोटाले किए हैं कि एक 'भ्रष्टाचार ओलंपिक' खेल का आयोजन किया जा सकता है। आपने लोगों की गाढ़ी कमाई और उनके जीवन के साथ खिलवाड़ किया है।'
वहीं इसके जवाब में टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा, 'भारत सिंडिकेट के बारे में जानता है, जो मोदी और अमित शाह का सिंडिकेट है।'
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने रसोई गैस के बढ़ते दामों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पदयात्रा निकालने की घोषणा शनिवार को ही कर दी थी। उन्होंने कहा था कि सात मार्च को वह रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगी।
टीएमसी नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बताया कि महिलाओं के साथ ममता बनर्जी ने दार्जिलिंग मोर, सिलीगुड़ी पदयात्रा किया। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 25 रुपये का इजाफा हुआ है।
फरवरी में अब तक 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलिंडर के दाम 125 रुपये बढ़ चुके हैं। 25 फरवरी को रसोई गैस की कीमतों में 25 रुपये का इजाफा हुआ था, यह तीसरी बार था जब फरवरी महीने में रसोई गैस के दाम बढ़े हो। इससे पहले चार फरवरी और 14 फरवरी को रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी हुई थी।