फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

West Bengal Elections: झालमुड़ी खाने के बाद बोले शुभेंदु अधिकारी- भवानीपुर से भारी अंतर से हारेंगी ममता बनर्जी

Tue, 28 Apr 2026 09:15 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

सार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य की राजधानी कोलकाता समेत छह जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। इस चरण में 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता 1448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसी बीच शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में झालमुड़ी खाते हुए सीएम ममता पर तंज कसा है।
विज्ञापन
कोलकाता में झालमुड़ी खाते शुभेंदु अधिकारी - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के बीच 'झालमुड़ी' काफी चर्चा में है। पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा से थोड़ा समय निकालकर झालमुड़ी का स्वाद लिया, तो अब भवानीपुर से भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को एक स्टॉल से झालमुड़ी और आलू चाट खाई। झालमुड़ी का आनंद उठाने के बाद उन्होंने दुकानदार को भरोसा दिलाया कि अगली सरकार भाजपा की है और उन्हें व्यापार करने में कोई दिक्कत नहीं होगी, अगर कोई भी समस्या है तो वो उनके साथ खड़े हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि ममता बनर्जी इस बार भारी मार्जिन से हारेंगी। भवानीपुर के साथ ही साथ पूरे बंगाल में कमल खिलेगा।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें - West Bengal: फालता ARO के तबादले के लिए EC ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र; बमबाजी रोकने के लिए NIA को किया अलर्ट

'ममता बनर्जी को भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ेगा'
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के एक्स पोस्ट पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हम इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। हम बुधवार को होने वाले दूसरे चरण के मतदान की तैयारी कर रहे हैं। बंगाल की जनता बदलाव के पक्ष में वोट डालने के लिए तैयार है। भवानीपुर में ममता बनर्जी को भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ेगा। मैं गुरुद्वारे आया था। मैं जैन मंदिर भी जा रहा हूं। मेरी जीत निश्चित है और कमल खिलेगा। भवानीपुर से अपनी जीत का भरोसा जताते हुए भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुझे ही जीतना है, कमल खिलेगा। मुझे भारी अंतर से जीतना है। आठ में से सात वार्डों में मैं बढ़त बनाऊंगा, चिंता मत कीजिए। 4 मई को मतगणना केंद्र पर मिलते हैं।
विज्ञापन


दो-तिहाई बहुमत के साथ बनने जा रही सरकार- ज्योतिर्मय
भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने कहा कि सरकार दो-तिहाई बहुमत के साथ बनने जा रही है। मैं आपको भी आमंत्रित करता हूं, और उन सभी लोगों को भी जो अभी सुन रहे हैं या आपके माध्यम से सुनेंगे। मैं आप सभी को 4 तारीख के बाद होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में आने का निमंत्रण देता हूं। उन्होंने कहा कि बंगाल से तृणमूल कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। तृणमूल कांग्रेस कहीं नजर नहीं आएगी। वे मुस्लिम बहुल इलाकों से बस एक-दो सीटें जीतने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें इसी से संतोष करना पड़ेगा और वे दूसरे स्थान पर भी नहीं आ पाएंगे।

अंतिम चरण में 3.2 करोड़ से ज्यादा वोटर करेंगे मतदान
निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सभी मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध करा दिए गए हैं। मतदाताओं में 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के 3,243 वोटर हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 1,96,801 है। इसके अलावा 146 एनआरआई वोटर और 39,961 सर्विस वोटर भी इस चरण में मतदान करेंगे।

1448 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। किसी भी सीट पर थर्ड जेंडर उम्मीदवार नहीं है। 142 सीटों में से 107 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 34 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और एक सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है। दक्षिण 24 परगना जिले की भांगर सीट पर सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि हुगली जिले की एक सीट पर सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं।

सात जिलों में 41 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र
कोलकाता के अलावा जिन जिलों में मतदान होगा उनमें नदिया, पूर्व बर्धमान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा शामिल हैं। कुल 41,001 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 39,301 मुख्य और 1,700 सहायक मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। इनके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस के जवान भी सुरक्षा में लगाए जाएंगे। मतगणना 4 मई को होगी।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें - प. बंगाल चुनाव: ममता ने 'हुमायूं और जहांगीर' के हाथों में सौंपा राज्य का भविष्य, समिक भट्टाचार्य ने कसा तंज

दूसरे चरण के मतदान से पहले 809 लोगों को किया गया गिरफ्तार
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मंगलवार को जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल में बुधवार को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक पिछले 12 घंटों में 809 अतिरिक्त गिरफ्तारियां की गई हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने बताया कि रविवार शाम से पिछले 24 घंटों में 1,095 एहतियाती गिरफ्तारियां की गईं, जबकि सुबह से पिछले 36 घंटों में यही आंकड़ा 1,583 रहा। हालांकि, चुनाव आयोग ने मंगलवार को सोमवार रात से की गई 809 नई गिरफ्तारियों का जिलावार ब्यौरा नहीं दिया, जैसा कि सोमवार को पिछली गिरफ्तारियों (1,583 व्यक्तियों) के मामले में दिया था।

-इनपुट आईएएनएस

अन्य वीडियो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें