दक्षिण बंगाल के तीन जिलों में सोमवार को बिजली गिरने से 26 लोगों की मौत हो गई। राज्य के आपदा प्रबंधन अधिकारी ने यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में बिजली गिरने से मृत लोगों के आश्रितों को राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
अधिकारी ने बताया कि हुगली में 11, मुर्शिदाबाद में नौ, बांकुरा में दो और पूर्वी व पश्चिम मेदिनीपुर जिले में दो-दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले में बिजली गिरने से तीन और लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जंगीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के जिलों में दोपहर के बाद से भारी बारिश हुई, जिसे मौसम कार्यालय ने मानसून पूर्व बारिश बताया।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने से मरने वालों के परिवार एवं रिश्तेदारों से मेरी संवेदना। घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
वहीं, गृह मंत्री शाह ने ट्वीट किया, पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्से में बिजली गिरने से लोगों के मरने की घटना काफी दुखदायी है। मृतकों के परिजन से मेरी संवेदना। घायल लोगों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।
अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद और हुगली जिले में नौ-नौ लोगों की और पूर्वी मेदिनीपुर में दो व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्से में बिजली गिरने से मरने वालों के परिवार के लिए पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।