केंद्र सरकार ने नौकरी, पढ़ाई या टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम का हिस्सा बनने वालों के लिए वैक्सीन की दूसरी खुराक जल्दी लगाने का निर्देश दिया है। इसे लेकर सोमवार को विस्तृत एसओपी जारी कर दी गई। इन लोगों को कोविशील्ड टीके की दूसरी खुराक के लिए 84 दिनों तक इंतजार नहीं करना होगा।
सर्टिफिकेट पासपोर्ट से लिंक होगा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि कोविन सर्टिफिकेट को ऐसे यात्रियों के पासपोर्ट से लिंक किया जाएगा। यह सुविधा इस साल 31 अगस्त तक मिलेगी। इसके बाद ही कोविशील्ड की दूसरी खुराक लगेगी। कोविन एप पर ऐसे लोगों को दूसरी खुराक जल्द देने की व्यवस्था की जाएगी।
आम लोगों के लिए अभी कोरोना टीकों के बीच 12 से 16 सप्ताह के बीच का अंतराल रखा गया है। उक्त श्रेणी के विदेश यात्रियों को कोविशील्ड की दूसरी खुराक जल्दी लगाई जा सकेगी। केंद्र ने इस बारे में सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
इन लोगों को जल्दी लगेगी दूसरी खुराक
- वे विद्याथी, जिन्हें पढ़ाई के लिए विदेश जाना है।
- जिन्हें नौकरी के लिए विदेश जाना है।
- टोक्यो ओलंपिक में शामिल होने वाले खिलाड़ियों व सहयोगी स्टाफ
दूसरी खुराक 28 दिन बाद ही दी जाएगी
इसके साथ ही एसओपी में स्पष्ट किया गया है कि दूसरी खुराक तभी लगाई जाएगी, जबकि पहली खुराक को न्यूनतम 28 दिन हो चुके हों। दरअसल, उक्त श्रेणी के लोगों को 84 दिन के पूर्व यदि दूसरी खुराक नहीं लगती तो वे विदेश नहीं जा सकते थे, इसलिए इस समस्या के निराकरण के लिए सरकार से लगातार आग्रह किया जा रहा था।
इस मसले पर उच्चाधिकार प्राप्त समूह की बैठक में विभिन्न सुझावों पर विचार किया गया था। आखिरकार सोमवार को नई एसओपी जारी की गई। इस मसले पर उच्चाधिकार प्राप्त समूह की बैठक में विभिन्न सुझावों पर विचार किया गया था। आखिरकार सोमवार को नई एसओपी जारी की गई। इससे उक्त श्रेणी के लोगों को विदेश यात्रा में आ रही समस्या खत्म हो सकेगी।