पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में नकली शराब कांड में पांच लोगों के मरने के साथ ही इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 12 हो गयी है। जिलाधिकारी सुमित गुप्ता ने गुरूवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मरने वालों में एक महिला है ।
गुप्ता ने प्रेट्र को बताया, ‘‘मरने वालों की संख्या बढ़ कर अब 12 हो गयी है । शांतिपुर सरकारी जनरल अस्पताल में इलाज करा रहे 25 अन्य की हालत नाजुक है । उनके इलाज की प्रकृति की निर्भरता को देखते हुए हम उन्हें कोलकाता भेजने के बारे में सोचेंगे ।’’
सीआईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कर रही सीआईडी ने शांतिपुर इलाके में नकली शराब बेचने के मामले में अबतक चार लोगों को गिरफ्तार किया है । उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार किये गए सभी चार अरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है ।’’
राज्य सरकार ने मरने वाले के संबंधियों को दो दो लाख रूपये मुआवजे के तौर पर देने का एलान किया है । पुलिस ने बताया कि इस संबंध में 11 आबकारी अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है । उन्होंने बताया कि प्रदेश के नादिया जिले के नरसिंहपुर गांव में बुधवार को स्थानीय लोगों ने नकली शराब पी थी ।अधिकारी ने बताया कि मरने वालों और बीमार पड़ने वालों में अधिकतर ईंट भट्ठे के कामगार शामिल हैं ।