तेज हवा और गरज के साथ भारी बारिश होने की वजह से शाम चार बजे के बाद से ही उड़ानें प्रभावित रहीं। यह समस्या करीब पांच बजे तक रही। कुल 14 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर भेजा गया।
मौसम की मार अब दक्षिण भारत तक पहुंच गई है। कर्नाटक में बेंगलुरु शहर के बाहरी इलाके देवनहल्ली में भारी बारिश होने की खबर है। खराब मौसम के कारण मंगलवार शाम केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाले 14 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा छह विमानों को उड़ान भरने में भी देरी हुई।
विज्ञापन
करीब एक घंटे तक रही समस्या
हवाई अड्डा के एक अधिकारी के मुताबिक, तेज हवा और गरज के साथ भारी बारिश होने की वजह से शाम चार बजे के बाद से ही उड़ानें प्रभावित रहीं। यह समस्या करीब पांच बजे तक रही। कुल 14 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर भेजा गया। 12 उड़ानों को चेन्नई, एक को कोयंबटूर और एक को हैदराबाद भेजा गया। जिन उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर भेजा गया, उनमें इंडिगो की सात, विस्तारा की तीन, अकासा एयरलाइंस की दो और गो एयर तथा एयर इंडिया की एक-एक उड़ान शामिल हैं। इसके अलावा छह उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई।
मध्य क्षेत्र में बारिश नहीं हुई
अधिकारी ने बताया कि उड़ानों का सामान्य परिचालन बहाल हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, देवनहल्ली में मंगलवार शाम 45.2 मिमी बारिश हुई। वहीं, शहर के मध्य क्षेत्र में बारिश नहीं हुई।