मई महीने के आखिरी दिन भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बारिश और तेज हवाएं गर्मी से राहत देंगी, वहीं कुछ इलाकों में आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। यहां पढ़ें, आज देशभर का मौसम कैसा रहेगा...
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार 31 मई को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
विज्ञापन
दिल्ली में कैसा रहेगा तापमान?
दिल्ली में अधिकतम तापमान 36-38°C और न्यूनतम तापमान 22-24°C रहने की संभावना है। सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जो बाद में आमतौर पर बादल छाए रहने में बदल जाएंगे। शाम/रात के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश की बौछारें गरज-चमक के साथ होंगी। इसके साथ तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी, जो 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं। 31 मई को उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में कुछ-कुछ जगहों पर गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। हवाएं 30 से 70 किमी/घंटा तक हो सकती हैं। कुछ जगहों पर ओले या धूल भरी आंधी भी आ सकती है।
लू चलने की संभावना नहीं- मौसम विभाग
आईएमडी की 31 मई की चेतावनी के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में ओलावृष्टि, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान लू चलने की संभावना नहीं है।