भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच मंगलवार सुबह से ही यहां के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। हालांकि, यहां अभी तक जलभराव की सूचना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, अगले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मुंबई में 14 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
महाराष्ट्र के नासिक में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए और बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया। यहां पिछले 24 घंटे के दौरान 97.4 मिमी बारिश हुई। सोमवार को जिले के सप्तश्रृंगी मंदिर के पास बाढ़ के कारण छह श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है। वहीं पुणे में एक इमारत गिरने से चार लोग घायल हो गए।
दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए आज येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश ने भले ही गर्मी से राहत दी हो, लेकिन ट्रैफिक जाम ने लोगों की समस्या को बढ़ा दिया है। आईटीओ मार्ग पर ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति हो गई है। वाहन बिल्कुल रेंग रहे हैं।
गुजरात में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण हाहाकार मचा हुआ है। वडोदरा मंडल के दभोई और एकता नगर स्टेशनों के बीच बारिश के कारण पटरियों के खराब होने के कारण पश्चिम रेलवे की कुछ ट्रेनें आज रद्द/आंशिक रूप से रद्द कर दी गई हैं।
गुजरात में बारिश के कारण पूर्णा नदी उफान पर है। डीसी अमित प्रकाश यादव ने बताया नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। नवसारी शहर में 1700 लोगों को शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया। हम नागरिकों से अपने-अपने स्थानों पर रहने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं।

आपदा प्रबंधन मंत्री राजेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों से कुल 27,896 लोगों को निकाला गया, जिनमें से 18,225 अब भी आश्रय गृह में है और बाकी अपने घर लौट गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण गुजरात के जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश जारी है तथा सौराष्ट्र क्षेत्र में कच्छ तथा राजकोट के कुछ इलाकों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। ‘स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर’ (एसईओसी) के अनुसार, कच्छ के अंजार तालुका में मंगलवार सुबह छह बजे से छह घंटे में 167 मिमी बारिश हुई, जबकि जिले के गांधीगनगर तालुका में 145 मिमी बारिश दर्ज की गई। दक्षिण गुजरात के नर्मदा, सूरत, डांग, वलसाड तथा तापी जिलों और राज्य के मध्य भाग के पंचमहल तथा छोटा उदयपुर में पिछले एक दिन में भारी बारिश हुई।