होली से चार दिन पहले देश के उत्तरी राज्यों के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से मौसम काफी ठंडा हो गया है। देश के उत्तरी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार व बुधवार को पारा काफी नीचे लुढ़क गया है। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने की संभावना है।
उत्तराखंड में बुधवार को मौसम ने करवट ली। मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से ठिठुरन भरी सर्दी फिर लौट आई। मंगलवार देर रात से ही राजधानी बुधवार में तेज हवाएं चलने लगी।
जिसके बाद गरज के साथ जोरदार बारिश हुई जो बुधवार सुबह तक जारी रही। देहरादून के लगभग सभी इलाकों में बौछारें पड़ी। वहीं हरिद्वार और रुड़की में भी बुधवार सुबह से मौसम खराब रहा। बादल छाने के साथ ही छिटपुट बारिश हुई और ठंडी हवाएं चलीं।
गढ़वाल में मंगलवार देर रात फूलों की घाटी, बदरीनाथ, औली, हेमकुंड साहिब, केदारनाथ और जोशीमठ की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। उधर, कुमाऊं में भी अल्मोड़ा और रानीखेत में बादल छाए रहे। इसके साथ ही कई इलाकों में छिटपुट बारिश हुई।
जम्मू में दर्ज हुई 3.6 मिलीमीटर बारिश
पिछले चौबीस घंटों में जम्मू में 3.6 मिलीमीटर बारिश के साथ मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पारे में गिरावट से फिर सर्दी का अहसास हुआ है।
देर शाम को ठंडी हवाएं चलती रहीं। कटड़ा में 6.6 मिलीमीटर बारिश हुई। संभाग में बटोत में सबसे अधिक 17.8 मिलीमीटर बारिश हुई। आगामी मौसम में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
मनाली में बर्फबारी से गिरा पारा
मंगलवार सुबह से ही मनाली समेत कई स्थानों पर बर्फबारी हो रही है। अगले तीन दिन ओलावृष्टि हो तूफान की चेतावनी जारी की गई है। देश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में मंगलवार को मार्च महीने में तीन साल बाद हिमपात हुआ है।
इससे पहले साल 2014 में मार्च महीने में यहां बर्फबारी रिकार्ड की गई थी। मनाली के अलावा रोहतांग दर्रा, जलोड़ी दर्रा, केलांग और किन्नौर की ऊंची चोटियों में भी ताजा बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा समेत जिला कुल्लू और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में मंगलवार को बर्फबारी हुई।
रोहतांग दर्रा में 30 सेंटीमीटर, मनाली में 12 सेंटीमीटर, सोलंगनाला में 20 सेंटीमीटर, कोकसर में 15 सेंटीमीटर, सिस्सू, उदयपुर, गोंधला तथा खंगसर में छह-छह सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। प्रदेश के मैदानी जिलों कांगड़ा और ऊना के कई क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश हुई जबकि राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे।