भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के दौरान देश के पूर्व-पश्चिम, मध्य, दक्षिण प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि शनिवार रविवार तक मध्य महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कोंकण, गोवा और गुजरात में भी अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है। असम, मेघालय, मणिपुर और मिजोरम में भी तेज बारिश हो सकती है। तीन अगस्त तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। पांच अगस्त तक हिमाचल प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, तटीय और आंतरिक कर्नाटक, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, त्रिपुरा और केरल में भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) का अलर्ट जारी किया है।
गुजरात में फिर शुरू होगा झमाझम बारिश का दौर
इस बीच गुजरात में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने तीन और चार अगस्त को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं गुजरात में अगले सात दिन तक तेज बारिश की संभावना जताई गई है। गुजरात से सटे राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में बुधवार रात से तेज बारिश हो रही है। मौसम केंद्र जयपुर ने गुरुवार को नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
आधे से ज्यादा एमपी में होगी तेज बरसात
इधर, मध्यप्रदेश में इस सीजन की 51 फीसदी यानी 18.9 इंच बारिश हो चुकी है। जुलाई में कोटे से ज्यादा पानी गिर गया। अब अगस्त में भी ऐसी ही बारिश की संभावना है। अगस्त के पहले ही दिन प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होकर अगले 4 दिन तक बना रहेगा। एक अगस्त को भोपाल, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 19 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। हालांकि बुधवार से ही सिस्टम की एक्टिविटी नजर आई। भोपाल, नर्मदापुरम, रायसेन, सिवनी समेत 13 जिलों में बारिश हुई। अभी मानसून ट्रफ मध्यप्रदेश से थोड़ी ऊपर है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन अरब सागर की ओर है। एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी है। अब इनकी स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी देखने को मिल सकती है। इसलिए अगले 4 दिन के लिए प्रदेश में कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश का अनुमान है।
हिमाचल, उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश हो सकती है। अगले 4-5 दिनों में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा में भी बारिश की संभावना हैं। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा के लिए 1 से 4 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा एक, दो और तीन अगस्त तक छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जबकि आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है।