प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने असम दौरे के दूसरे दिन रविवार को भी कांग्रेस पर हमला बोलने का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने पार्टी पर देश के बैंकों को अमीरों की लूट के लिए खोल देने का आरोप लगाया और कहा कि वह बैंकों से लूटी पाई-पाई देश को वापस दिलाएंगे।
उन्होंने लोगों से असम में बदलाव और विकास के लिए भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने की अपील की। शोणितपुर जिले के रांगापाड़ा में आयोजित रैली में मोदी ने कहा कि राज्य में बदलाव की जबरदस्त बयार बह रही है।
मोदी ने किसी का नाम लिये बिना कहा कि कांग्रेस के राज में अमीरों के लिए बैंकों का धन खुली लूट के लिए छोड़ दिया गया, लेकिन मैंने सत्ता में आने के बाद जबसे नट-बोल्ट कसे, तब से ये लोग भागे-भागे फिर रहे हैं। जाहिर है उनका निशाना माल्या थे। उन्होंने कहा कि वह बैंकों से लूटी गई पाई-पाई देश में वापस लाने का वादा करते हैं।