14 लाख मतदाता करेंगे 16 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का सक्रिय संसदीय राजनीति में कदम रखने का सपना पूरा होगा या नहीं, इसका फैसला वायनाड के मतदाता आज उपचुनाव में करेंगे। राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ने की वजह से यहां हो रहे उपचुनाव में करीब 14 लाख मतदाता 16 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। साथ ही, केरल में चेलक्कारा विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा।
वायनाड में वोटिंग शुरू होने से पहले ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इसकी झलक कई बूथों पर देखने को मिली। पहले तीन घंटे में वायनाड लोकसभा सीट और चेलक्करा विधानसभा सीट पर 20.54 और 19.08 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया जा रहा है। कुछ मतदान केंद्रों से ईवीएम की खराबी की शिकायतें जरूर आई, लेकिन चुनाव आयोग के अधिकारियों ने तत्काल उसका हल निकाला।
दोपहर के एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार चेलक्करा विधानसभा सीट पर 44.50 फीसदी और वायनाड लोकसभा सीट पर 40.67 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने पिछले पांच वर्षों में वायनाड के लिए कुछ नहीं किया। वायनाड में हुए भूस्खलन की घटना राहुल गांधी द्वारा लोगों के लिए किए गए कार्यों पर सवाल उठाती है। उन्होंने केवल फोटोग्राफ के लिए चार बार वायनाड का दौरा किया। दूसरी बार उन्हें वायनाड में जीत मिली, लेकिन यूपी के लिए उन्होंने वायनाड को छोड़ दिया। वायनाड के लोगों को धोखा दिया गया। इन सब के बाद उनकी बहन यहां से चुनाव लड़ रही हैं। वहां के सीएम कहते हैं कि उन्हें (कांग्रेस को) 'जमात-ए-इस्लामी' जैसे संगठन का समर्थन प्राप्त है। उनकी उम्मीदवारी को तीन शब्दों में उल्लेख किया जाए तो यह वसरवादिता, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार है।"