शौचालयों और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार के ओडीएफ प्लस मिशन की शुरुआत शनिवार से होगी। इसमें जन भागीदारी की मदद से सरकार स्वच्छता को बनाए रखने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए नियोजित तरीके से काम करेगी। चेन्नई, अहमदाबाद और मंडी की तर्ज पर पूरे ग्रामीण भारत में सरकार इस चरण में ठोस अपशिष्ट का प्रबंधन करेगी। इसके लिए एक ऐप भी लांच करेगी, ताकि इस मिशन के लिए जन सहभागिता को सुनिश्चित किया जा सके।
केंद्र सरकार का दावा है कि देश में 6,49,481 गांव हैं। इसमें अब तक 5.6 लाख गांव खुले में शौच से मुक्त हो गए हैं। केंद्र सरकार 2014 से स्वच्छता भारत मिशन चला रही है। इसके तहत अब तक 9.6 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं। इस साल केंद्र सरकार 2 अक्टूबर को पूरे देश को खुले में शौच से मुक्त होने का ऐलान भी करेंगी। उसी कड़ी में शनिवार को सरकार ओडीएफ प्लस मिशन की शुरुआत करने जा रही है।