सत्तारूढ़ नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के साथ गठबंधन वाली सरकार में शामिल भाजपा के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद इस बार मेघालय में चतुष्कोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।
विज्ञापन
यहां विधासनसभा की 60 सीटें हैं, मतदान 27 फरवरी को होना है। अब 36 महिलाओं सहित कुल 375 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में कुल 21,61,729 मतदाता हैं। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 10,68,801 और महिला मतदाताओं की संख्या 10,92, 326 है। पहली बार मतदान करने वालों की संख्या 81,443 है।
सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी भाजपा, कांग्रेस
भाजपा ने सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एनपीपी ने 57 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। कांग्रेस ने 60 और टीएमसी ने सीएम पद के लिए मुकुल संगमा को चेहरा बनाकर 56 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा युनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) ने 47, वीपीपी ने 18 और एचएसडीपी ने 11 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है।
विज्ञापन
सत्ता की मलाई खाने वाली भाजपा अब एनपीपी को बता रही भ्रष्ट सरकार
इस बार सत्तारूढ़ एनपीपी ने मुख्यमंत्री कोरनाड संगमा के नेतृत्व में पूरी ताकत झोंक दी है लेकिन उनकी सहयोगी भाजपा ने अलग चुनाव लड़ने का फैसला किया है। भाजपा डबल इंजन की सरकार के लाभ का गणित लोगों को समझा रही है। कल तक एनपीपी सरकार के साथ सत्ता की मलाई खाने वाली भाजपा अब उसे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बता रही है। यह तमगा गृहमंत्री अमित शाह ने बीते बृहस्पतिवार को मेघालय में एक चुनावी रैली में दिया था।