पंढरपुर में विठोबा विट्ठल रुक्मिणी मंदिर
- फोटो : Social Media
महाराष्ट्र में देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में शुमार पंढरपुर में 75 करोड़ रुपए की लागत से ईको फ्रेंडली भक्तनिवास का निर्माण किया गया है। इसका निर्माण सोलापुर जिले की श्री विट्ठल रुक्मिणी मंदिर कमेटी ने कराया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया।
साढ़े 8 एकड़ जमीन में बना भक्तविलास
पंढरपुर के मंदिर में विठोबा के रूप में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है। श्री विट्ठल रुक्मिणी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष ने बताया कि इस भक्तनिवास में 141 हॉल और 132 कमरे बने हैं। यह सभी अति-आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इनमें 1203 श्रद्धालु रह सकेंगे। यहां एक बीएचके के 10 फ्लैट बने हैं। इनमें महीनों तक रुकने वाले श्रद्धालु रह सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इस ईको फ्रेंडली भक्तनिवास की इमारत तीन मंजिला है और यह साढ़े 8 एकड़ जमीन में बनी हुई है। इसके एक लाख स्क्वायर फीट क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था है।
इसमें है इतनी खूबियां
कमेटी के सदस्य ने बताया कि भक्तनिवास परिसर में लगे सोलर पैनल से बिजली पैदी होगी। यहां बढ़िया स्वास्थ्य में इस्तेमाल किए जाने वाले 13 तरह के पौधे लगाए गए हैं। इन्हें रेन वाटर हार्वेस्टिंग से पानी पहुंचाया जाएगा। परिसर में निकलने वाले कूड़े से खाद भी बनाई जाएगी।
खास बात यह है कि इस भक्तनिवास को इंडिया ग्रीन बिल्डिंग कॉर्पोरेशन की ओर से ईको-फ्रेंडली के मापदंड पूरे करने का सर्टिफिकेट दिया गया है।