ये कहानी है टिजियाना कैंटोन की, जिन्होंने सेक्स वीडियो वायरल होने के बाद खुदकुशी जैसा कदम उठा लिया। अप्रैल 2015 में नेपल्स के उपनगरीय मुग्नानो इलाके की रहने वाली 31 साल की टिजियाना ने व्हाट्सऐप पर पांच लोगों को सेक्स वीडियो भेजा। जिन लोगों ने ये वीडियो व्हाट्सऐप पर रिसीव किया उनमें उनके ब्वॉय फ्रेंड सर्गियो डी पालो भी थे, जिनके साथ उनके रिश्ते स्थिर नहीं थे।
उन वीडियोज में टिजियाना कई अज्ञात लोगों के साथ सेक्स करती नजर आ रही हैं। 15 साल तक टिजियाना की दोस्त रही टेरीजा पेट्रोसिनो याद करती हैं, "वो बेहद खूबसूरत थीं, लेकिन सहज ही भरोसा कर लेनेवाली भी थीं। वो गलत समय में गलत लोगों के साथ थी।" उनके वीडियोज जल्द ही कई एडल्ट वेबसाइट्स पर अपलोड कर दिए गए।
सेक्स वीडियो ने भले ही कुछ न बिगाड़ा हो, लेकिन उनके कहे एक वाक्य ने उन्हें तबाह कर दिया। वीडियो में एक जगह वो पूछती हैं, "तुम वीडियो बना रहे हो, ब्रावो!" इन शब्दों से यही संदेश गया कि वो एक खुले मिजाज की लड़की हैं जिन्हें सेक्स के दौरान शूट किया जाना पसंद है।
संदेश ये गया कि वो ये सब करके बेहद खुश थीं
वीडियो देखने वालों ने सहज ही ये संदेश ले लिया कि अगर वो फिल्म किए जाने पर इतनी खुश हैं तो देखे जाने पर भी एतराज नहीं करेंगी। लेकिन इटली के लोगों ने केवल वीडियो देखा नहीं। उनके कमेंट्स के साथ उनकी तस्वीर टी-शर्ट और वेबसाइट्स पर नजर आने लगी। संदेश ये गया कि वो ये सब करके बेहद खुश थीं।
सोशल कॉमेंटेटर सेल्वाजिया लुकैरेल्ली कहती हैं, "लोगों ने ये गलत मैसेज ले लिया कि वो एक ऐसे खुले विचारों वाली लड़की हैं जिन्हें इस तरह वायरल होने में कोई एतराज नहीं। आप एक वीडियो शूट कर सकते हैं। कुछ लोगों के साथ शेयर भी कर सकते हैं। लेकिन साथ ही उसमें ये बात भी शामिल है कि आप उसे सार्वजनिक नहीं करेंगे।"
कानूनी लड़ाई
ये सब टिजियाना के लिए बेहद खौफनाक था। लेकिन उन्होंने इसका सामना करने का फैसला किया। लेकिन कोई ऐसा तरीका नहीं था जिससे वो वायरल हो चुके वीडियोज को हटवा सकतीं। वो मामले को अदालत में ले गईं। कोर्ट को बताया कि बिना उनकी इजाजत के वीडियोज को सार्वजनिक साइट्स पर अपलोड किया गया।
लेकिन ये सब होते-होते उनका जीवन सामान्य नहीं रह गया था। उनकी मां मारिया टेरेसा गिग्लियो बताती हैं कि वो बाहर निकलने से बचने लगीं। "उन्हें समझ में आ गया था कि ये मामला कभी भी सामान्य नहीं हो सकेगा।
मेरी बेटी अच्छी लड़की थी लेकिन उसे प्रभावित किया जा सकता था
उनके होने वाले पति, उनके बच्चे कभी न कभी इन सेक्स वीडियोज के बारे में जान जाते क्योंकि ये कभी हटने वाले नहीं थे। "कई हफ्तों की मानसिक परेशानी झेलने के बाद मां मारिया ने अपनी बेटी के बारे में पत्रकारों को बताने की हिम्मत जुटाई। उन्होंने बीबीसी को बताया, "मेरी बेटी अच्छी लड़की थी लेकिन उसे प्रभावित किया जा सकता था।
जन्म के समय से ही उसे पिता का साथ नहीं मिला। वो उनसे कभी नहीं मिली। इसका असर उसकी पूरी जिंदगी पर पड़ा।" टिजियाना अपनी मां के साथ रहती थीं। वो इटैलियन गायकों को सुनती थीं, उपन्यास पढ़ती थीं और पियानो बजाती थीं। लेकिन सेक्स वीडियोज के ऑनलाइन शेयर होने के बाद उनका व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वो खुद में ही रहने लगीं।
उनकी मां बताती हैं, "उसकी जिंदगी तबाह हो गई। लोग उसका मजाक बनाने लगे। उसे भद्दे नामों से पुकारा जाने लगा।" सितंबर में नेपल्स की एक अदालत ने आदेश दिया कि उन वायरल वीडियोज को वेबसाइट्स से और सर्च इंजनों से हटाया जाए। लेकिन साथ ही कोर्ट ने उन्हें कानूनी खर्च के लिए करीब 22 हजार डॉलर भुगतान करने का आदेश भी दिया। ये सब काफी हो चुका था।
13 सितंबर 2016 को मारिया टेरेसा गिग्लियो स्थानीय टाउन हॉल में काम पर गईं। बेटी घर पर थी। उन्हें एक फोन आया। "मेरी रिश्तेदार ने फोन किया और घर आने को कहा। जब मैं वहां पहुंची तो पुलिस और एंबुलेस को देखा। मैं समझ गई। उसे बचाने की कोशिश की गई। मेरे पड़ोसियों ने मुझे कार से बाहर नहीं निकलने दिया।
मैं लगभग बेहोश हो गई थी। वे मुझे घर के भीतर नहीं जाने देना चाहते थे। मैं उसे आखिरी बार देख भी नहीं सकी। जिस दिन उसकी मौत हुई, मेरी जिंदगी भी खत्म हो गई।"
मां का संघर्ष
टिजियाना की मौत ने लोगों की दिलचस्पी उनके वीडियोज में और बढ़ा दी। उनकी मां ने भी वो वीडियोज देखे। "मैं सच को समझने के लिए वो सब देखना चाहती थी। वो मेरी टिजियाना नहीं थी।" उन्हें यही लगता है कि उनकी बेटी को नशीली दवा दी गई थी। उन्हें लगता है कि ये सब एक आपराधिक साजिश थी।
वो चाहती हैं कि उनकी बेटी के पूर्व ब्वॉय फ्रेंड डी पालो बताएं कि वीडियोज के शेयर होने में उनकी क्या भूमिका थी। "उन्होंने मेरी बेटी की जिंदगी बचाने में मेरी मदद नहीं की। लेकिन शायद वो सच जानने में मेरी मदद कर सकें।" नवंबर 2016 में डी पालो से 10 घंटे तक पूछताछ हुई। अभियोजक जानना चाहते थे कि क्या टिजियाना को आत्महत्या के लिए उकसाने में किसी की भूमिका थी?
टिजियाना कैंटोन की आत्महत्या ने इटली में पोर्नोग्राफी और निजता को लेकर होनेवाली चर्चाओं का तेवर बदल दिया। ये उन लोगों के लिए भी एक सीख थी जो अंतरंग क्षणों का वीडियो ऑनलाइन शेयर करते हैं। टिजियाना के वीडियो अब मुख्य सर्च इंजनों पर नहीं मिलते, लेकिन उनका वजूद अब भी है।
उनकी मां मारिया चाहती हैं कि इटली और यूरोपीय संघ के बाकी देश ऐसा तरीका विकसित करें जिससे निजी अपलोड्स को इंटरनेट से जल्दी हटाया जा सके। वो कहती हैं,"मैं उम्मीद करती हूं टिजियाना कैंटोन का नाम माखौल की तरह नहीं बल्कि दूसरी महिलाओं की जिंदगी बचानेवाली शख्सियत के रूप में जाना जाए।"