नोएडा की गालीबाज महिला
- फोटो : अमर उजाला
1. नोएडा की महिला वकील का गाली देना
मामला 20 अगस्त का है। नोएडा के सेक्टर 128 में जेपी विश टाउन सोसायटी है। यहां रहने वाली भव्या रॉय शाम करीब पांच से छह बजे के बीच अपनी कार से सोसायटी से बाहर निकल रहीं थीं। बताया जाता है कि सोसायटी से बाहर जाने वाली गाड़ियों का गार्ड नंबर सोसायटी के गार्ड नोट करते हैं। जब भव्या गेट पर पहुंचीं तो गार्ड गाड़ी का नंबर नोट करने लगा। इससे गेट खोलने में कुछ सेकेंड की देरी हुई तो भव्या भड़क गईं। आरोप है कि शीशा नीचे करके वह गार्ड को गाली देने लगीं।
गार्ड ने जब इसका विरोध किया तो भव्या और भड़क गईं और कार से नीचे उतरकर गार्ड को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगीं। किसी ने इसका वीडियो बनाकर शेयर कर दिया। ये वीडियो दो मिनट पांच सेकेंड का है। वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। देश के कई बड़े पत्रकार, अफसर, नेताओं ने इस वीडियो को शेयर कर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस भी एक्शन में आ गई। पहले भव्या को पूछताछ के लिए थाने लाया गया और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने भव्या को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। भव्या पेशे से वकील बताई जा रहीं हैं।
श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
2. नोएडा का श्रीकांत त्यागी, जिसपर अब तक विवाद जारी है
पांच अगस्त को नोएडा का ही एक वीडियो वायरल हुआ था। ये वीडियो नोएडा के ओमेक्स सोसायटी का था। इसमें श्रीकांत त्यागी नाम के नेता एक महिला को गाली दे रहे थे। वीडियो वायरल होते ही श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। पुलिस ने मामला दर्ज किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए 12 टीमें लगा दीं। करीब एक हफ्ते तक त्यागी पुलिस की पहुंच से बाहर रहे। गैंगेस्टर एक्ट लगाने के बाद पुलिस ने उनपर 25 हजार रुपये का इनाम भी रख दिया। आखिरकार उन्हें मेरठ से गिरफ्तार कर लिया गया। अभी वह जेल में हैं।
इस मामले में अब त्यागी समाज ने आंदोलन शुरू कर दिया है। रविवार को हजारों की संख्या में त्यागी समाज के लोग नोएडा पहुंचे। यहां लोगों ने सांसद महेश शर्मा और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि जानबूझकर त्यागी समाज को बदनाम किया जा रहा है। श्रीकांत त्यागी के परिजनों को परेशान किया जा रहा है।
3. सड़क पर शराब,प्लेन में सिगरेट पीते बॉबी कटारिया का वीडियो वायरल
हरियाणा के सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर बॉबी कटारिया के पिछले दस दिन के अंदर दो वीडियो वायरल हो चुके हैं। एक वीडियो में बॉबी देहरादून के किमाड़ी रोड पर टेबल लगाकर शराब पीते नजर आ रहे थे। इस दौरान यातायात भी रोका गया था। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने कैंट थाने में बॉबी कटारिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस ने उन्हें नोटिस दिया, लेकिन न तो वह आए और न ही अन्य माध्यम से बयान दर्ज कराया।
बॉबी का एक दूसरा वीडियो भी वायरल हुआ। इसमें वह फ्लाइट के अंदर सिगरेट पी रहे हैं। जांच में पता लगा कि यह वीडियो 20-21 जनवरी को स्पाइसजेट की फ्लाइट नंबर-एसजी-706 में शूट किया गया था। जो कि दुबई से दिल्ली आई थी।। इस मामले में एयरलाइंस ने उसी दौरान मामले की जानकारी सामने आने पर आरोपी यात्री को 15 दिनों के लिए नो फ्लाइ लिस्ट में डाला था। इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर ली है।
पति की चप्पल से चप्पलों से हुई पिटाई
- फोटो : सोशल मीडिया
4. जब भाजपा नेता को पत्नी ने बीच सड़क चप्पलों से पीटा
ये मामला कानपुर का है। यहां बाबूपुरवा का मोहित सोनकर भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय मंत्री हैं। आरोप है कि मोहित का एक्सट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था। शनिवार 20 अगस्त की रात मोहित आनंदपुरी सोसाइटी के कैंपस में कार में भाजपा की एक महिला नेत्री के साथ थे। इसकी जानकारी उनकी पत्नी को हो गई। पत्नी मोनी सोनकर अपनी सास और ससुराल के लोगों के साथ मौके पर पहुंच गईं। कार में मोहित को महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। मोहित को उनकी पत्नी और ससुरालवालों ने बीच सड़क पीटना शुरू कर दिया। बचने के लिए मोहित भागे तो उन्हें दौड़ाकर पकड़ा गया।
उनकी कार को भी ईंट मारकर तोड़ दिया गया। महिला के कारोबारी पति को भी मौके पर बुलाया गया था। वह मोहित के साथ पत्नी को देखकर आपा खो बैठे और उन्होंने दोनों को जमकर पीटा। सड़क पर हंगामा होते देख आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की सूचना पर जूही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई।
भाजपा नेता के खिलाफ उनकी पत्नी और महिला के कारोबारी पति ने जूही थाने में तहरीर दी है। एसीपी बाबूपुरवा आलोक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। आरोपी मोहित समेत चार लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।