बांग्लादेश के अनेक हिस्सों में इस्लामी कट्टर पंथियों द्वारा मंदिरों और वहां के हिंदुओं पर किए गए हिंसक हमलों की मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने कड़ी निंदा की है। मंच ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के बयान की भी निंदा की और उसे देश का अपमान बताया।
मंच ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तान में भी धार्मिक अल्पसंख्यकों पर इसी प्रकार से हमले होते हैं। उन्हें प्रताड़ित किया जाता है, जिससे ऐसा लगता है कि इस्लाम अमन और भाईचारे से दूर हो रहा है। हिंसक घटनाएं गैर इस्लामी हैं। इस्लाम वह धर्म है जो सलामती, अमन, भाईचारे और शांति का संदेश देता है। परंतु इस प्रकार से अन्य मजहबों के पूजास्थल और व्यक्तियों पर हुए हमलों ने इस शांति के मजहब को एक हिंसक धर्म की श्रेणी में ला खड़ा किया है, जिसकी मुस्लिम राष्ट्रीय मंच कड़ी भर्त्सना करता है।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती के उस बयान की भी निंदा की है, जिसमें उन्होंने क्रिकेट मैच में पाकिस्तान की जीत के जश्न की तुलना अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने पर मनाई गई खुशी से की है। मुफ्ती ने पाकिस्तान की क्रिकेट टीम की जीत पर खुशी मनाने व पटाखे फोड़ने को सही ठहराते हुए कहा कि जब अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने पर लोगों ने खुशी मनाई और मिठाइयां बांटी तब किसी ने विरोध नहीं किया तो अब क्यों?
मंच ने कहा कि महबूबा ने देश विरोधी बयान देकर वतन का, मजहब का का भी घोर अपमान किया है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच उनके इस बयान की घोर निंदा करता है और अपील करता है कि ऐसे देश विरोधी नेताओं का सामाजिक बहिष्कार किया जाए।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने भारत और दुनिया के मुस्लिम भाई-बहनों, धार्मिक संगठनों और धार्मिक नेताओं से अपील की कि वे इस प्रकार की धार्मिक असहिष्णुता व्यक्त करने वाली हिंसक घटनाओं की कठोर शब्दों में निंदा करें। मंच ने बांग्लादेश सरकार से हिंसक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जारी किया बयान
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच का यह बयान मोहम्मद अफ़ज़ाल, गिरीश जुयाल, अबु बकर नक़वी, डॉ एस. अख्तर, एस के मुद्दीन, इरफान अली, इस्लाम अब्बास, रज़ा रिज़वी, स्वामी मुरारी दास, रेश्मा हुसैन, डॉ. माजीद अहमद तालिकोटी, शाहिद सईद, के डी हिमाचली, डॉ.इमरान चौधरी, हाजी जहीर अहमद, हसन कौसर, अबरार अहमद, एड.शोएब खान, मो.अजरुद्दीन, इस्लाम खान, डॉ. हसन नूरी, भारत रावत, तुषार कांत, गुलशन कुमार, दीपक कुमार आदि ने जारी किया है।