गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी को लेकर पाटीदार आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल ने बड़ा दावा किया है। हार्दिक पटेल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। पटेल ने दावा किया है कि जिस तरह आनंदीबेन पटेल से इस्तीफा मांगा गया, ठीक उसी तरह से विजय रुपाणी से बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस्तीफा मांगा गया है। आने वाले 10 दिनों में उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया जाएगा। मेरा मानना है कि क्षत्रिय या पाटीदार समुदाय से किसी शख्स को अगला मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।
हार्दिक के दावों पर पलटवार करते हुए रुपाणी ने कहा कि पटेल उनके इस्तीफे को लेकर झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाटीदार नेता चर्चा में बने रहने के लिए झूठ बोल रहे हैं। पत्रकारों से बात करते हुए
रुपाणी ने कहा, 'मीडिया की नजरों में बने रहने के लिए हार्दिक ने इस तरह का झूठ बोलना शुरू कर दिया है। मुझे यह नहीं मालूम है कि उन्हें संवैधानिक नियमों की जानकारी है या नहीं क्योंकि कोई मुख्यमंत्री कैबिनेट में इस्तीफा नहीं देता है। सीएम को राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा देना होता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस तरह के झूठ कांग्रेस द्वारा हार्दिक जैसे अपने एजेंटों के जरिए फैलाए जा रहे हैं ताकि सरकार को अस्थिर किया जा सके। मैंने इस्तीफा नहीं दिया है और ना ही इसका कोई सवाल है। जनता ने हमें पांच सालों तक अपनी सेवा करने का मौका दिया है। हम इस काम को पूरी ऊर्जा के साथ करेंगे।' उप-मुख्यमंत्री
नितिन पटेल ने कहा, 'कांग्रेस और उसके एजेंट लगातार इस तरह के झूठ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन सरकार में बदलाव का कोई सवाल ही नहीं उठता है। हमारी सरकार और पार्टी आपसी तालमेल से काम कर रही है।'