सार्वजनिक बैंकों का पैसा अपनी अय्याशी पर उडा़ने वाले 'भगोड़े' विजय माल्या ने भारतीय एजेंसियों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। 'किंग ऑफ गुड टाइम्स' ने जांच एजेंसियों को पूछताछ के लिए लंदन आने को कहा है। उनका दावा है कि उन्होंने 'कुछ भी नहीं छुपाया है'।
इस सप्ताह 'ऑटो स्पोर्ट' मैगजीन में प्रकाशित में अपने इंटरव्यू में फोर्स इंडिया फॉर्मूला वन टीम के प्रिंसिपल विजय माल्या ने कहा कि मेरा भारत में रहना संभव नहीं है क्योंकि उनके पासपोर्ट को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा, 'जो हो रहा है उसे परिभाषित करने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है बजाय यह कहने कि यह शिकार करने जैसा है।'
'इंटरव्यू के लिए लंदन आओ'
स्पोर्ट्स पत्रिका 'ऑटो स्पोर्ट' में प्रकाशित इस इंटरव्यू में माल्या ने कहा, 'भारतीय जांच एजेंसियों ने किंगफिशर एयरलाइंस के कई अधिकारियों से पूछताछ की है और हजारों दस्तावेजों की जांच की है। यदि इसके बाद भी कुछ बचा है तो मेरे इंटरव्यू के लिए लंदन आओ। या फिर रेडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मेरा इंटरव्यू लो या अपने सवाल मुझे ई-मेल कर दो, मैं उसका जवाब दूंगा। मैंने कुछ छिपाया नहीं है।'
60 वर्ष के माल्या ने कहा कि उन्हें (भारतीय जांच एजेंसियां) चीजें विरोधाभासी और चिंताजनक लगती हैं क्योंकि मैं भारत में नहीं हूं। उन्होंने मेरे खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी कर पासपोर्ट कैंसिल कर दिया। मुझे उनके इरादों पर कत्तई विश्वास नहीं है।
माल्या की अब तक की कहानी
भारतीय जांच एजेंसियां किंगफिशर एयरलाइन्स से जुड़े करोड़ों रुपये के कर्ज में फंसे माल्या का पीछा कर रही है। इसी साल मार्च महीने में माल्या लंदन के लिए निकल लिए। हाल ही में माल्या को ब्रिटिश ग्रैंड प्रिक्स में नॉर्थम्टपनशायर के सिल्वर स्टोन ट्रैक पर फोर्स इंडिया टीम का हौसला बढ़ाते हुए देखा गया।