भारत ने भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण मामले में ब्रिटेन को दस्तावेजों का एक और सेट सौंपा है। पिछले दिनों माल्या के प्रत्यर्पण मामले की सुनवाई कर रही ब्रिटिश अदालत ने दस्तावेज जमा कराने में भारतीय अधिकारियों की धीमी रफ्तार पर टिप्पणी की थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा कि सरकार ने पिछले हफ्ते ब्रिटिश उच्चायोग को जरूरी दस्तावेजों का एक नया सेट सौंपा है। साथ ही ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से सॉफ्ट प्रतियां भी भेजी। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि माल्या के खिलाफ ब्रिटिश अधिकारियों को सबूत मुहैया कराने में कोई देरी नहीं हुई है।
सीबीआई ने 8 जून को सारे दस्तावेज विदेश मंत्रालय को मुहैया करा दिए थे, जिसने उन्हें ब्रिटिश अधिकारियों को भेज दिया। इसके साथ ही सीबीआई ने भी स्पष्ट रूप से कहा है कि दस्तावेज मुहैया कराने में कोई देरी नहीं हुई है।