राहुल, प्रियंका, सोनिया के साथ खरगे। फाइल फोटो
- फोटो : सोशल मीडिया
पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बाद कांग्रेस ने भी मंगलवार को विजय दिवस के मौके पर 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना की बहादुरी और इंदिरा गांधी के साहसिक नेतृत्व को याद किया। पार्टी ने कहा कि इस दिन भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी और बांग्लादेश की मुक्ति सुनिश्चित की। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि विजय दिवस पर हम भारत माता के बहादुर पुत्रों को नमन करते हैं, जिनकी बहादुरी और बलिदान ने 1971 का युद्ध भारत के पक्ष में जीताया।
खरगे ने इंदिरा गांधी की साहसी नेतृत्व की सराहना की
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा गांधी के दूरदर्शी और साहसी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत मानवता और न्याय का महान उदाहरण बन गई। उन्होंने भारतीय सेना और मुक्ति बहिनी के अद्वितीय साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन किया।
राहुल और प्रियंका गांधी ने भी वीर सैनिकों को किया सलाम
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सेना के वीरों को सलाम किया और कहा कि उनका अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि 1971 में हमारी सेना ने हमें थोपे गए युद्ध का सटीक जवाब दिया और पाकिस्तान को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर किया। इस ऐतिहासिक जीत ने भारत की अखंडता को मजबूत किया और वैश्विक मंच पर देश की शक्ति को स्थापित किया।
अन्य वीडियो